GMCH STORIES

राजस्थान विधानसभा में सेवानिवृत्ति समारोह तीन कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त

( Read 1542 Times)

09 Apr 26
Share |
Print This Page
राजस्थान विधानसभा में सेवानिवृत्ति समारोह तीन कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी विधान सभा के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति कितने अधिक संवेदनशील है, इसका उदाहरण उन्होंने एक बार पुनः बुधवार को विधानसभा के तीन कर्मियों के सेवानिवृत्ति कार्यक्रम में उपस्थित होकर दिया। विधानसभाध्यक्ष श्री देवनानी पिछले दो वर्षों से भी अधिक समय से विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों के लगभग सभी सेवानिवृति कार्यक्रमों में लगातार उपस्थित रहते आए है। बुधवार को विधानसभा के तीन कर्मियों अनुभाग अधिकारी श्री सत्यनारायण सैनी, वरिष्ठ लिपिक श्री ताराचन्द बाटड और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्रीमती सागर देवी के सेवानिवृत्ति समारोह में भी वे व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए। इस समारोह में राज्य के स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास मंत्री श्री झाबर सिंह खरी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

श्री देवनानी और श्री खर्रा ने सेवानिवृत्त हुए तीनों कर्मियों का साफा पहनाकर, शॉल ओढाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनन्दन किया और सेवानिवृत्त कर्मियों को भावभीनी विदाई दी। सेवानिवृति के सभी समारोहों में विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी की मौजूदगी पर विधानसभा कर्मियों ने उनका हृदय के अंतरंग भावी से आभार जताया।

इस अवसर पर बोलते हुए विधानसभाध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि विधानसभा में नियुक्ति पाना और सेवाएं देना एक गौरवपूर्ण बात है। उन्होंने विधानसभा कर्मियों का आव्हान किया कि वे सभी विधानसभा की गरिमा को बनाये रखने वाले कार्य करें तथा ऐसा कोई काम नहीं करें, जिससे राजस्थान विधान सभा की गरिमा और विश्वास को ठेस पहुँचे। उन्होंने कहा कि विधानसभा को सर्वश्रेष्ठ बनाने में विधानसभा के प्रत्येक कर्मी का महत्वपूर्ण योगदान आवश्यक है। श्री देवनानी ने कहा कि विधानसभा के प्रत्येक कर्मी को पदोन्नति पाने का पूरा हक है लेकिन उस पद के लिए वे अपने आप को साबित करें तथा कम्प्यूटर और ए.आई के वर्तमान युग में सीखने की प्रवृति रखते हुए निरन्तर प्रशिक्षण लेकर अपनी योग्यता को बढाए।

इस अवसर पर बोलते हुए राज्य के स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा ने तीन दशकों से अधिक सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सेवाओं की प्रशंसा की और विश्वास व्यक्त किया कि उनका भावी जीवन निरापद रहेगा और वे अपने स्वयं के परिवार, समाज, प्रदेश और देश के विकास में सहभागी बनेगें। इस मौके पर राजस्थान विधान सभा के प्रमुख सचिव श्री भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक श्री के. के. शर्मा, वरिष्ठ उप सचिव श्री संजीव शर्मा और राजस्थान विधान कर्मचारी सहकारी साख समिति के अध्यक्ष श्री रवि जैन सहित विधानसभा के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like