GMCH STORIES

 पीएम श्री विद्यालय कैथून में अंगदान जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

( Read 293 Times)

16 Jul 26
Share |
Print This Page

 पीएम श्री विद्यालय कैथून में अंगदान जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

कैथून। पीएम श्री विद्यालय, कैथून में सामाजिक संस्था शाइन इंडिया फाउंडेशन के तत्वावधान में बुधवार को अंगदान जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अंगदान के महत्व, आवश्यकता तथा इससे जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों से अवगत कराना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य मनोज वर्मा ने की। मुख्य वक्ता के रूप में शाइन इंडिया फाउंडेशन की संस्थापक सचिव डॉ. संगीता गौड़ एवं संस्थापक अध्यक्ष डॉ. कुलवंत गौड़ उपस्थित रहे।

डॉ. कुलवंत गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में अंगदान मानवता की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने बताया कि भारत में प्रतिवर्ष 5 लाख से अधिक लोगों की मृत्यु केवल अंगों की उपलब्धता नहीं होने के कारण हो जाती है। यदि अधिक से अधिक लोग अंगदान का संकल्प लें तो हजारों-लाखों मरीजों को नया जीवन मिल सकता है।

उन्होंने राजस्थान में अंगदान की वर्तमान स्थिति, अंगदान की कानूनी प्रक्रिया, ब्रेन डेथ की अवधारणा तथा अंगदान से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों का वैज्ञानिक तथ्यों के साथ निराकरण किया। उन्होंने कहा कि अंगदान केवल किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि कई लोगों के जीवन में नई आशा का संचार कर सकता है। समाज में जागरूकता बढ़ाना ही इस दिशा में सबसे बड़ा कदम है।

डॉ. संगीता गौड़ ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार और समाज में भी अंगदान, नेत्रदान एवं देहदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि सही जानकारी ही भ्रांतियों को समाप्त कर सकती है और अधिक से अधिक लोगों को जीवनदान दिला सकती है।

विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य मनोज वर्मा ने शाइन इंडिया फाउंडेशन की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय संवेदनाओं का विकास करती हैं।

इस कार्यशाला के सफल आयोजन में शिविर संयोजक एवं समाजसेवी सुनील जैन (कैथून) का विशेष योगदान रहा। उनके प्रयासों से इस महत्वपूर्ण जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन संभव हो सका। संस्था ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like