जैसलमेर: पूर्व नरेश गजसिंह एवं पूर्व महारानी हेमलता राजे के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुए 12 वें राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के समापन समारोह एवं मेगा अवार्ड नाइट में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा जगत की दिग्गज हस्तियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्पेशल अवार्ड्स से सम्मानित किया गया। साथ ही सिनेमा, अभिनय, निर्देशन, लेखन और तकनीकी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 87 प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।
इस अवॉर्ड सेरेमनी का सफल संचालन जैसलमेर के रंगकर्मी और पूर्व मिस्टर डेजर्ट विजय बल्लाणी और एक्ट्रेस इति आचार्य द्वारा किया गया। विजय बल्लाणी ने बताया कि राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल रीफ के फाउंडर सोमेंद्र और डायरेक्टर अंशु हर्ष आगामी समय में जैसलमेर की धरती पर एक फेस्टिवल आयोजन करने की मंशा रखते हैं और इस आयोजन से जैसलमेर की लोकेशंस से देश-विदेश की फिल्म जगत की हस्तियां परिचित होगी जिससे जैसलमेर फिल्म जगत में और भी बड़ी पहचान कायम करेगा जिसका लाभ स्थानीय कलाकारों को मिलेगा
नामी विभूतियों का सम्मान
रीफ टीम के रीफ फाउंडर व फेस्टिवल डायरेक्टर सोमेंद्र के अनुसार अवार्ड सेरेमनी ने सिनेमा, संस्कृति और राजस्थान की विरासत को एक मंच पर खूबसूरती से प्रस्तुत किया। पाँच दिनों तक चले इस आयोजन के दौरान 78 से अधिक हिंदी, इंग्लिश और राजस्थानी सहित विभिन्न श्रेणियों की फिल्में प्रदर्शित की गईं, जिनमें फीचर फिल्में, शॉर्ट फिल्में और डॉक्यूमेंट्री शामिल रहीं। निदेशक अंशु ने रिफ के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इसमें देश की विशिष्ट विभूतियों का सम्मान किया गया।
प्रकृति और विरासतों को मिलेगा व्यापक प्रचार
रंगकर्मी विजय बल्लाणी ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष रीफ के ग्यारहवें एडिशन की भी अवॉर्ड सेरेमनी का संचालन किया था जो बेहद खास अनुभव रहा था। इस बार देश विदेश की फिल्म जगत की हस्तियों में राजस्थान की कला, संस्कृति, खान-पान और संगीत के साथ साथ यहां के किलों, हवेलियों, झीलों, बावड़ियों, रेत के टीलों आदि लोकेशंस के प्रति जबरदस्त उत्साह है और स्वच्छ पर्यटन व राजस्थानी फिल्म को पुष्पित पल्लवित करना चाह रही राजस्थान सरकार की मंशा के अनुरूप इस दिशा में इस तरह के अंतर्राष्ट्रीय फेस्टिवल बेहतरीन कदम हैं और इसके लिए सोमेंद्र और अंशु साधुवाद के पात्र हैं।