GMCH STORIES

जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

( Read 331 Times)

06 Jun 26
Share |
Print This Page
जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

      जैसलमेर, 6 जून। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत बड़ाबाग में जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही उनके प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

      जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, आवास योजनाओं, डंपिंग यार्ड में कचरा निस्तारण, अवैध कब्जों एवं पट्टा संबंधी विभिन्न समस्याओं और मांगों को जिला कलक्टर के समक्ष रखा। जिला कलक्टर ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की एवं समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

       ग्रामीणों द्वारा पेयजल आपूर्ति में आ रही परेशानियों की जानकारी देने पर जिला कलक्टर ने विकास अधिकारी व जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को गांव में नियमित एवं सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार विद्युत संबंधी शिकायतों पर डिस्कॉम अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान करने के लिए कहा।सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध

       इस अवसर पर जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान एवं उनकी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ सुनें तथा उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

 

       उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

        ग्रामीणों ने की जिला प्रशासन की पहल की सराहना

       रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को सीधे जिला कलक्टर के समक्ष रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया तथा जिला प्रशासन द्वारा गांव स्तर पर आयोजित जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल जैसी पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि इससे उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अधिक सरल एवं प्रभावी बनी है।

        इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता विद्युत भैराराम चौधरी, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी कैलाश चंद मीणा, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजेन्द्र पालीवाल, तहसीलदार राजेंद्र करन, विकास अधिकारी महेश सिंह राठौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल में शामिल हुए।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like