GMCH STORIES

विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल करने के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

( Read 459 Times)

07 Jun 26
Share |
Print This Page
विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल करने के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 जैसलमेर । जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जोधपुर डिस्कॉम) के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवर लाल डेलू ने रविवार को जैसलमेर जिले में हाल ही में आए आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त हुए विद्युत तंत्र की स्थिति का जायजा लेने के लिए फतेहगढ़, चाँधन एवं जैसलमेर के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए क्षतिग्रस्त विद्युत तंत्र के दुरुस्तीकरण कार्यों का निरीक्षण किया एवं विद्युत आपूर्ति को शीघ्र बहाल करने के लिए निगम अधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

      दौरे के दौरान प्रबंध निदेशक डॉ. डेलू ने आंधी-तूफान से गंभीर रूप से प्रभावित 33/11 केवी जीएसएस सुखसिंह नगर का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने सब स्टेशन पर किए जा रहे मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्यों की जानकारी ली एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को पुनः सुचारू बनाने के लिए किए गए त्वरित प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष प्रभावित क्षेत्रों में भी युद्धस्तर पर कार्य करते हुए विद्युत तंत्र को शीघ्र दुरुस्त किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

      निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र के उपभोक्ताओं, ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। प्रबंध निदेशक ने विद्युत संबंधी शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए एवं उपभोक्ता संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।

    डॉ. डेलू ने जिला प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के अधीक्षण अभियंता के.सी. मीणा से वार्ता कर विभिन्न पेयजल परियोजनाओं में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने पीएचईडी की परियोजनाओं के सुचारू संचालन के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए एवं आवश्यक समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

    उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों में निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं तथा आमजन को शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए सभी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने अभियंताओं को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति बहाली कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।

       इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता (विद्युत) भैराराम चौधरी, अधिशासी अभियंता प्रदीप बारूपाल सहित संबंधित उपखंडों के सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रबंध निदेशक ने सभी अधिकारियों को शेष प्रभावित क्षेत्रों में भी त्वरित गति से कार्य करते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को पूर्ण रूप से बहाल करने के निर्देश दिए। 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like