जैसलमेर । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल ‘ग्रामीण सेवा शिविर 2026’ के तहत ग्राम पंचायत मोडरडी में आयोजित शिविर ग्रामीणों के लिए राहत, विश्वास और सुशासन का सशक्त माध्यम बनकर उभरा। शिविर प्रभारी मनवीरसिंह बैनीवाल, विकास अधिकारी पंचायत समिति सांकड़ा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का परिचय दिया गया।
शिविर में दीपसिंह पुत्र शिवदानसिंह निवासी गुडडी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने लगभग एक माह पूर्व अपने आवासीय भूखण्ड के पट्टे के लिए आवेदन किया था और लंबे समय से स्वीकृति की प्रतीक्षा कर रहे थे। शिविर प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके पश्चात ग्राम विकास अधिकारी द्वारा दस्तावेजों की जांच एवं निरीक्षण समिति की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्यवाही कर मौके पर ही पट्टे जारी किए गए।
जब लाभार्थियों को शिविर में ही उनके आवासीय भूखण्ड के पट्टे सौंपे गए, तब उनके चेहरे पर खुशी, आत्मविश्वास और संतोष की झलक साफ दिखाई दी। वर्षों से अपने घर और जमीन पर कानूनी अधिकार पाने का सपना साकार होने से उनके परिवारों को भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का मार्ग भी प्रशस्त हो गया।
शिविर केवल भूमि अधिकार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पशुपालकों के जीवन में भी नई आशा लेकर आया। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत श्रीमती गुड्डी कंवर पत्नी ओमसिंह को उनकी गाय की आकस्मिक मृत्यु पर 27,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। साथ ही 30 पशुपालकों को पशुओं की निःशुल्क बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं।
थार के रेगिस्तानी क्षेत्र में जहां पशुधन ग्रामीण परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है, वहां यह योजना संकट के समय आर्थिक सुरक्षा कवच बनकर सामने आई है। सहायता राशि प्राप्त कर श्रीमती गुड्डी कंवर ने राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके परिवार के लिए कठिन समय में बड़ी राहत साबित हुई है।
ग्रामीण सेवा शिविर मोडरडी ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि जब प्रशासन संवेदनशीलता, तत्परता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करता है, तब योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाती हैं। पट्टे से मिला अधिकार और बीमा से मिली सुरक्षा ने ग्रामीणों के मन में सरकार के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत किया है।