GMCH STORIES

पशुधन बना सुरक्षित, विश्वास हुआ मजबूत

( Read 291 Times)

25 Jun 26
Share |
Print This Page
पशुधन बना सुरक्षित, विश्वास हुआ मजबूत

       जैसलमेर । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “ग्रामीण सेवा शिविर 2026” के तहत उपखण्ड क्षेत्र पोकरण की ग्राम पंचायत जैमला में आयोजित शिविर ग्रामीणों के लिए राहत, विश्वास और सुशासन का सशक्त माध्यम बनकर उभरा। उपखण्ड अधिकारी हीरसिंह चारण के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान कर राज्य सरकार की संवेदनशील कार्यशैली का प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

      शिविर में तहसीलदार पोकरण हजारा राम, अतिरिक्त विकास अधिकारी पंचायत समिति सांकड़ा भगवानसिंह तथा सरपंच प्रतिनिधि अमानाराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया। विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभान्वित भी किया गया।

       इस अवसर पर पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत ग्राम जैमला निवासी श्रीमती बिस्मीला पत्नी बच्चू खां को उनकी गाय की आकस्मिक मृत्यु पर 27 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 10 से अधिक पशुपालकों को उनके पशुओं की निःशुल्क बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं। सहायता राशि प्राप्त होने पर श्रीमती बिस्मीला ने भावुक होकर कहा कि पशुधन उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख आधार है और कठिन समय में मिली यह आर्थिक सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई है।

      थार के मरुस्थलीय क्षेत्र में पशुधन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि परिवारों की आर्थिक सुरक्षा और जीवनयापन का प्रमुख साधन है। ऐसे में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना पशुपालकों के लिए सुरक्षा कवच बनकर उभर रही है। पशुओं के निःशुल्क बीमा और आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में शीघ्र सहायता राशि मिलने से ग्रामीणों में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

       शिविर के दौरान लाभार्थियों एवं ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दी। ग्रामीणों ने प्रशासन की तत्परता, संवेदनशीलता और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर राज्य सरकार की योजनाओं को वास्तव में आमजन तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

       ग्राम पंचायत जैमला का यह शिविर इस बात का जीवंत उदाहरण है कि जब प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जनकल्याणकारी योजनाएँ एक साथ धरातल पर उतरती हैं, तब सुशासन का लाभ सीधे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचता है। ग्रामीणों ने राज्य सरकार के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, जिला एवं उपखण्ड प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को ग्रामीण विकास और जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

      ग्रामीण सेवा शिविर 2026 केवल समस्याओं के समाधान का मंच नहीं, बल्कि ग्रामीणों के जीवन में विश्वास, सुरक्षा और खुशहाली का नया अध्याय लिखने का अभियान बनता जा रहा है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like