राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष ने ली समीक्षा बैठक
जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर होगा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण
जैसलमेर। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से बालोतरा जिले में आयोजित होने वाले राजस्थान रिफाइनरी परियोजना एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र नायक की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों के साथ-साथ ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों, राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति तथा विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्ष श्री नायक ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम की प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, इसलिए सभी विभाग पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी ने बताया कि बालोतरा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिससे जिले के अधिकाधिक नागरिक कार्यक्रम से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि जैसलमेर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन उत्कर्ष जैन भवन में किया जाएगा एवं इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं।
अध्यक्ष श्री नायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा, निर्बाध इंटरनेट एवं लाइव प्रसारण सहित सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया एवं सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी, समाजसेवी कँवराज सिंह चौहान, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, अधीक्षण अभियंता विद्युत भैराराम चौधरी, सहायक निदेशक प्रवीण प्रकाश चौहान, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अशोक गोयल सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।