सार्वजनिक पुस्तकालयों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पुस्तकालय विशेषज्ञ डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव को भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की प्रबंधन एवं प्रणाली प्रभाग परिषद (MSD-5) के अंतर्गत गठित कार्यसमूह (WG-9) का सदस्य नामित किया गया है। यह कार्यसमूह भारतीय मानक IS 15339:2003 – सार्वजनिक पुस्तकालय मार्गदर्शिका के पुनरीक्षण के लिए गठित किया गया है।
डॉ. श्रीवास्तव की सदस्यता की आधिकारिक पुष्टि भारतीय मानक ब्यूरो BIS द्वारा की गई है, जिसके अंतर्गत उन्हें समिति की बैठकों, कार्यसूचियों, तकनीकी दस्तावेजों तथा मानक संशोधन से संबंधित सभी गतिविधियों में भागीदारी का अधिकार प्रदान किया गया है। यह पुष्टि श्री किशोर मंडल, वैज्ञानिक-C एवं सदस्य सचिव, MSD-5 (प्रलेखन एवं सूचना), भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा की गई।
भारतीय मानक IS 15339:2003 का पुनरीक्षण एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक पुस्तकालयों को वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप सशक्त बनाना है। इसमें डिजिटल सेवाओं का विस्तार, दिव्यांगजनों एवं वंचित वर्गों के लिए समावेशी सेवाएँ, सामुदायिक सहभागिता, प्रशासनिक सुधार तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ढाँचे का विकास शामिल है।
डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव की इस कार्यसमूह में भागीदारी उनके सार्वजनिक पुस्तकालय प्रशासन, समावेशी सेवाओं तथा पुस्तकालय आधुनिकीकरण के क्षेत्र में किए गए दीर्घकालिक कार्यों की मान्यता है। उनसे अपेक्षा है कि वे भारत में सार्वजनिक पुस्तकालयों के लिए भविष्य उन्मुख, समावेशी और प्रभावी मानकों के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
यह नामांकन न केवल पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान समुदाय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह दर्शाता है कि सार्वजनिक पुस्तकालय अब राष्ट्रीय नीति एवं मानक निर्माण की प्रक्रिया में एक सशक्त भूमिका निभा रहे हैं।