कोटा। रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने चंबल नॉर्दन पुलिया के पास हुए जानलेवा हमले के मामले का दो दिन में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शहर तेजस्वनी गौतम के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 3 जून की रात करीब 2 बजे समीर, मोहित वर्मा और सन्नी राधा रानी रेस्टोरेंट से खाना खाकर लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने कार और मोटरसाइकिलों से उनका पीछा किया और चंबल नॉर्दन पुलिया पर रोककर पाइप व डंडों से हमला कर दिया। हमले में मोहित वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एमबीएस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। आरोपियों पर मारपीट के साथ मोटरसाइकिल चोरी करने और मोबाइल फोन तोड़ने का भी आरोप है।
घटना के बाद रेलवे कॉलोनी थाने में मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया। मुखबिर सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने विनोद गुर्जर, जटाशंकर उर्फ जितू, अजय गुर्जर और मुकेश गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से मामले में पूछताछ जारी है तथा वारदात के संबंध में विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है। कार्रवाई में थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।