GMCH STORIES

हरियाली की मिसाल बने ग़ालिब बैग, हजारों पौधों को बना चुके हैं विशाल वृक्ष

( Read 174 Times)

18 Jul 26
Share |
Print This Page
हरियाली की मिसाल बने ग़ालिब बैग, हजारों पौधों को बना चुके हैं विशाल वृक्ष

कोटा। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी अनूठी प्रतिबद्धता निभाते हुए कोटा के समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी ग़ालिब बैग ने रविवार को अपने क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने 22 नीम, 2 बरगद और 2 पीपल के पौधे रोपकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। सभी पौधे उन्होंने अपने निजी खर्च से लगाए हैं।
ग़ौरतलब है कि पिछले वर्ष सितंबर माह में भी ग़ालिब बैग ने अपने साथियों के सहयोग से लगभग 40 लाल चंदन के 7 से 8 फीट ऊंचे पौधे लगाए थे। वर्षों से लगातार किए जा रहे उनके इस प्रयास ने उन्हें क्षेत्र में 'ट्रीमैन' के रूप में पहचान दिलाई है।
भीमगंजमंडी क्षेत्र के संजय नगर निवासी एवं वार्ड संख्या 25 के समाजसेवी ग़ालिब बैग को प्रकृति से विशेष लगाव है। उन्होंने अपने क्षेत्र की मुख्य सड़क, चंबल के पीछे वाली सड़क तथा श्मशान रोड पर अपने निजी खर्च से लाखों रुपये की लागत से हरित पट्टी (ग्रीन बेल्ट) विकसित की है। उनके प्रयासों से पहले जहां क्षेत्र में हरियाली कम दिखाई देती थी, वहीं आज पूरा इलाका हरे-भरे पेड़ों से आच्छादित नजर आता है।
ग़ालिब बैग ने अब तक नीम, पीपल, बरगद, अशोक, आम, बादाम, नारियल, केटल सहित अनेक प्रजातियों के पौधे लगाए हैं। इनमें से कई पौधे अब विशाल वृक्ष बन चुके हैं, जबकि अन्य तेजी से विकसित हो रहे हैं।
विशेष बात यह है कि वे केवल पौधारोपण तक ही सीमित नहीं रहते, बल्कि पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और देखभाल की पूरी जिम्मेदारी भी स्वयं उठाते हैं। इसके लिए उन्होंने अपने निजी खर्च पर लोगों को लगाया हुआ है, ताकि पौधों की नियमित देखभाल होती रहे और उन्हें कोई नुकसान न पहुंचे।
ग़ालिब बैग का कहना है कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय संकट के दौर में प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उनका मानना है कि "पर्यावरण बचेगा तभी धरती पर जीवन सुरक्षित रहेगा।"
ग़ालिब बैग के अथक प्रयास आज समाज के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उनका यह हरित अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य की मजबूत नींव भी रख रहा है।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like