GMCH STORIES

19वें  रोजगार मेलें में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 51000 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र जारी किये

( Read 725 Times)

23 May 26
Share |
Print This Page
19वें  रोजगार मेलें में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 51000 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र जारी किये

जयपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को युवाओं के लिये केन्द्र सरकार के विभिन्न विभागों में भर्तियों के अभियान रोजगार मेला के 19 वें संस्करण में सम्पूर्ण भारत में 51 हजार युवाओं को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किये।
 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज वर्चुअल माध्यम से 19वें रोजगार मेले को संबोधित किया और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर में भर्ती हुए नए युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए। देशभर में एक साथ 47 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेला, रोजगार सृजन में तेजी लाने और नागरिक-केंद्रित शासन को मजबूत करने के उद्देश्य से भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। नियुक्त हुए नए उम्मीदवारों ने रेलवे, इसरो, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग सहित प्रमुख मंत्रालयों और विभागों में नियुक्तियाँ प्राप्त की। 19वें रोजगार मेले के तहत हुई नियुक्तियों में से 50 प्रतिशत से अधिक नियुक्तियां भारतीय रेलवे में प्रदान की गई है।
 नव नियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने उन्हें और उनके परिवारों को बधाई दी और इस अवसर को हजारों परिवारों के जीवन में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि नव नियुक्त युवा राष्ट्र के विकास पथ में जिम्मेदार और महत्वपूर्ण भागीदार बन रहे हैं और ‘‘2047 तक विकसित भारत’’ के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। समर्पित लोक सेवा के महत्व पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने नियुक्त युवाओं को याद दिलाया कि सरकारी नौकरी को केवल एक पद के रूप में नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को सरल बनाने और राष्ट्रीय प्रगति में सार्थक योगदान देने के अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने उनसे ‘‘नागरिक देवो भव’’ के मार्गदर्शक सिद्धांत का पालन करने का आग्रह किया और इस बात पर जोर दिया कि नागरिक कल्याण शासन के केंद्र में होना चाहिए।
 प्रधानमंत्री ने भारत की बढ़ती वैश्विक स्थिति और भारतीय युवाओं की क्षमताओं तथा देश की तकनीकी प्रगति में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय विश्वास पर प्रकाश डाला। नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे, संयुक्त अरब अमीरात और इटली की अपनी हालिया पांच देशों की यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक नेता और बहुराष्ट्रीय निगम भारत के विकास में भागीदार बनने के इच्छुक हैं। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में विकास सहित प्रत्येक नया निवेश और प्रौद्योगिकी साझेदारी, भारत के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर पैदा कर रही है और देश के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत कर रही है।
 भारत में उद्यमशीलता की बढ़ती गति पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में आज 23.30 लाख से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप हैं और द्वितीय और तृतीय टीयर शहरों में नवाचार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से महिला उद्यमियों के योगदान की सराहना की और कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, स्वच्छ प्रौद्योगिकियों, हरित हाइड्रोजन और अवसंरचना विकास में निवेश से रोजगार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास के नए अवसर खुल रहे हैं। नव नियुक्त उम्मीदवारों को अपनी क्षमताओं को निरंतर उन्नत करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए, उन्होंने उनसे कर्मयोगी जैसे प्लेटफार्मों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने का आग्रह किया ताकि वे बदलती जरूरतों के अनुरूप ढल सकें और सार्वजनिक सेवा में सार्थक योगदान दे सकें।
 उत्तर पश्चिम रेलवे के तत्वाधान में आयोजित रोजगार मेले का आयोजन राजस्थान में जयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर में किया गया।
 इन रोजगार मेलों में नवनियुक्त उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जयपुर में उपस्थित रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव तथा पर्यावरण, वन एंव जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। जयपुर में 420 उम्मीदवारों को व्यक्तिगत/वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
 जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने नियुक्ति पाने वाले सभी उम्मीदवारों को बधाई दी एवं उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को नियमित समयानुसार समयसारणी बनाकर नियुक्तियाँ प्रदान की जा रही है ताकि राष्ट्र निर्माण में वह अपना सहयोग देकर 2047 के विकसित भारत में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रेलवे पर 1,60,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया हो रही है। रेलवे में भर्ती प्रक्रिया के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा वार्षिक कैलेंडर की व्यवस्था की गई है जिसके अनुसार वर्ष में 4 बार विभिन्न पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया जाता है तथा टाइम टेबल के अनुसार भर्ती प्रक्रिया क्रियान्वित होती है। रेलवे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता के बारे में भी उन्होंने बताते हुए कहा कि समयानुसार इसमें अनेक प्रकार के सुधार किए गए हैं जैसे सिंगल रजिस्ट्रेशन, एसएमएस व ईमेल अलर्ट, सीबीटी आधारित परीक्षा, आंसर की जारी करना इत्यादि सम्मिलित है।
 राजस्थान के लिए रेल विकास के बारे में भी उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजस्थान में बड़े पैमाने पर रेल परियोजनाएं प्रगति पर है जिसमें स्टेशन पुनर्विकास, नई रेल लाइनें,  दोहरीकरण और गेज परिवर्तन के कार्य किए जा रहे हैं इंफ्रास्ट्रक्चर के इन कार्यों के पूरा होने पर आने वाले समय में 200 नई ट्रेनों का संचालन किया जाना संभव हो सकेगा। नवनियुक्त युवाओं को उन्होंने राष्ट्र प्रथम-सदैव प्रथम का मूल मंत्र देते हुए कहा कि हमें विकसित भारत के लिए पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना है।
 इस अवसर पर पर्यावरण, वन एंव जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने  नवनियुक्त कर्मियों को बधाई दी और कहा कि सभी को शुभकामनाएं देता हूं। यह विश्वास करता हूं कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत एक जो बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री जी ने हमको जो एक विजन दिया है विकसित भारत का विजन और जो आज नौकरी लगेंगे वह निश्चित रूप से विकसित भारत के साक्षी भी बनने जाएंगे। इसलिए आप अपने जीवन में आगे बढ़े । अपने विश्वास और मूल्यों को लेकर जो आप सर्विस में आए हैं निष्ठा के साथ अपनी सर्विस को अच्छे ढंग से करें। प्रधानमंत्री देश के युवाओं के लिए, उनके बेहतर भविष्य के लिए प्रयासरत हैं। निश्चित रूप से प्रधानमंत्री जी का संबोधन एक नई ऊर्जा का कार्य करेगा। प्राप्त होने वाली नियुक्ति को राष्ट्र सेवा के लिए प्रोत्साहन भी माने। इसमें परिवार का भी योगदान है इसलिए परिवार को भी बहुत-बहुत शुभकामनाएं प्रेषित की। श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सभी नवनियुक्त उम्मीदवार 2047 के विकसित भारत की परिकल्पना में अपना योगदान प्रदान करें और कर्तव्य के प्रति जागरूक रहें। साथ ही देश के भाव को हमेशा बनाए रखें।
 उन्होंने राजस्थान में रेल विकास के लिए माननीय रेल मंत्री जी का आभार व्यक्त किया तथा बताया कि वर्तमान में अलवर सहित पूरे राजस्थान में रेल विकास कार्य तेजी से प्रगति पर है।
 कार्यक्रम के प्रारम्भ में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबन्धक श्री अमिताभ ने जयपुर में उपस्थित सभी सम्माननीय अतिथियों का स्वागत किया एवं स्वागत संबोधन में सभी नवनियुक्त अभ्यार्थियों को शुभकामनाएं दी।
 रोजगार मेले में उपस्थित सांसद-जयपुर श्रीमती मंजू शर्मा, विधायक-सिविल लाइन्स श्री गोपाल शर्मा ने इस अवसर पर सभी नवनियुक्त युवाओं को बधाई दी तथा देश के प्रति सेवा हेतु शुभकामनाएं प्रदान कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like