जम्मू। जम्मू मंडल के चेकिंग स्टाफ ने अपनी सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए, ट्रेन संख्या 14036 में टिकट चेकिंग के दौरान एक यात्री का बहुमूल्य मोबाइल फोन चोरी होने से बचाकर उसे वापस लौटाया। साथ ही, ट्रेन में अनाधिकृत रूप से यात्रा कर रहे एक व्यक्ति को पकड़कर विधिक कार्रवाई के लिए जीआरपी को सुपुर्द किया।
जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना के अनुसार रविवार को पठानकोट के चेकिंग स्टाफ श्री विशाल कुमार अपनी नियमित चेकिंग ड्यूटी के दौरान एस-3 कोच का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। जब उनसे यात्रा टिकट अथवा वैध पास के बारे में पूछा गया, तो वह कोई भी वैध यात्रा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसके पास केवल एक मोबाइल फोन था।
अनाधिकृत यात्री की गतिविधियों पर संदेह होने पर चेकिंग स्टाफ ने उससे विस्तारपूर्वक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि उसके पास मिला मोबाइल फोन एस-2 कोच, सीट संख्या 40 पर यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री का है। संभवतः अनाधिकृत व्यक्ति ने यात्री का मोबाइल चोरी कर लिया था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए, चेकिंग स्टाफ ने तत्काल ट्रेन में ऑन ड्यूटी राजकीय रेलवे पुलिस स्टाफ को सूचना दी। पूलिस की उपस्थिति में मोबाइल फोन की पहचान की पुष्टि कर उसे उसके वास्तविक स्वामी, एस-2 कोच सीट नम्बर 40 वाले यात्री को सकुशल लौटा दिया गया।
अपना मोबाइल वापस पाकर यात्री अत्यंत भावुक हो गया और उसने रेलवे प्रशासन, चेकिंग स्टाफ एवं सुरक्षा कर्मियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। यात्री ने कहा कि रेलवे स्टाफ की तत्परता के कारण उसका कीमती सामान वापस मिल सका। अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु उस अनाधिकृत यात्री को ट्रेन के संगरूर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर जीआरपी स्टाफ को सौंप दिया गया।
इस घटना पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंध, श्री उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू मंडल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सामान की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। रेलवे प्रशासन सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे स्टाफ अथवा त्च्थ्ध्ळत्च् को दें।