GMCH STORIES

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर कार्य समीक्षा बैठक का आयोजन

( Read 281 Times)

25 Jun 26
Share |
Print This Page
उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर कार्य समीक्षा बैठक का आयोजन

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ की अध्यक्षता में प्रधान कार्यालय में गुरूवार को चारों मण्डलों के मण्डल रेल प्रबन्धकों की उपस्थिति में कार्य समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
 उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि कार्य समीक्षा बैठक में संरक्षा, कार्य निष्पादन, निर्माण कार्य, पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक की फेसिंग, समपार फाटक को बंद करने, यात्री सुविधाएं तथा आय बढ़ाने इत्यादि विषयों पर चर्चा की गई।
 बैठक में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने कहा कि इस वित्त वर्ष के प्रथम 2 माह में उत्तर पश्चिम रेलवे का कार्य निष्पादन उत्कृष्ट रहा है और सामंजस्य और समन्वय के साथ कार्य कर सभी कार्यों को लक्ष्यानुसार करने पर ध्यान देना है। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करना है। श्री अमिताभ ने संरक्षा को प्राथमिकता पर रखते हुए सतर्कता और सजगता से कार्य करने पर बल दिया
 बैठक में उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मण्डलों के मण्डल रेल प्रबंधको ने मण्डलों की प्रगति के बारे में जानकारी प्रदान की तथा प्रगति पर चल रहे कार्यों के बारे में अवगत करवाया। इसमें इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने के कार्यों जैसे नई लाइनों के निर्माण, दोहरीकरण, विद्युतीकरण के साथ-साथ स्टेशनों के पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं से जुडे कार्यों और संरक्षा के प्रमुख मदों रोड ओवर ब्रिज/रोड, अंडर ब्रिज, सिगनल कार्यों पर प्रमुखता के साथ चर्चा की गई।
 बैठक में स्टेशन पुनर्विकास के उपरांत उपलब्ध वाणिज्यिक स्थान को लीज पर देने की प्रक्रिया का निर्धारण करने, गैर किराया राजस्व को बढाने पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में संरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए सेफ्टी फेंसिंग के प्रगति, समपार फाटक को बंद करने व अप्रोच रोड को सुधारने पर चर्चा की गई। बैठक में यातायात सुविधाओं में विस्तार के लिए नये मेगा टर्मिनल, कोचिंग टर्मिनल, पिट लाइन, प्लेटफॉर्म से सम्बंधित कार्यों के लिए डीपीआर और मास्टर प्लान पर भी चर्चा की गई।
 बैठक में महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने सभी अधिकारियों को कार्य निष्पादन को निर्धारित लक्ष्यानुसार पूरा करने के लिए दिशा-निर्देश प्रदान किए ताकि समयानुसार रेल उपभोक्ताओं को सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सके तथा आश्वस्त किया कि मुख्यालय स्तर पर अनुमोदित होने वाले कार्यों के निष्पादन में पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस कार्य समीक्षा बैठक में अपर महाप्रबन्धक श्री अशोक माहेश्वरी, प्रमुख विभागाध्यक्ष एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like