जम्मू। जम्मू मंडल के लिए यात्री सुविधा एवं संरक्षा सर्वाेपरि है। इसी कड़ी में मंगलवार को जम्मू मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता के दो उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किए, जिनकी यात्रियों द्वारा मुक्त कंठ से सराहना की गई।
जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि ट्रेन संख्या 14803 भगत की कोठी-जम्मू तवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहेए यात्री श्री राजेन्द्र की सीट ए-1 कोच में 46 और 48 नंबर पर थी। उन्होंने हीरानगर स्टेशन पर मुख्य टिकट निरीक्षक राजिंदर सिंह को बताया, कि उनका एक सूटकेस चोरी हो गया है। जांच में पता चला कि कोच ए-1 की बर्थ 43, 44, 45, 47 पर एक परिवार यात्रा कर रहा था, जो पठानकोट में उतर गया था। टिकट चेकिंग स्टाफ को लगा, कि शायद वह परिवार गलती से यात्री का सूटकेस भी ले गया है।
टिकट चेकिंग स्टाफ ने हैंड हेल्ड टर्मिनल की सहायता से उस परिवार का फोन नंबर निकाला और बात की। परिवार ने बताया कि सूटकेस गलती से उनके पास आ गया है। आगे की कार्यवाही में, यात्री को टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ पठानकोट ले जा कर सूटकेस वापस दिलवाया। यात्री ने रेलवे तथा टिकट चेकिंग स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
दूसरी घटना पर नजर डालें तो, मंगलवार को श्री माता वैष्णोदेवी कटरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर एक छोटी बच्ची रोती हुई मिली। टिकट चेकिंग स्टाफ श्री मनीष कुमार के पूछताछ करने पर पता चला कि वह अपने माता-पिता से बिछड़ गई थी और अत्यंत भयभीत थी। टिकट चेकिंग ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए, बच्ची को संभाला तथा रेलवे सुरक्षा बल कटरा की सहायता ली। साथ ही स्टेशन के अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से लगातार घोषणा करवाई गई। टिकट चेकिंग स्टाफ एवं रेलवे सुरक्षा बल के संयुक्त प्रयासों से कुछ ही मिनटों के भीतर बच्ची के माता-पिता का पता लगा लिया गया और बच्ची को सुरक्षित रूप से उन्हें सौंप दिया गया। बच्ची को सकुशल पाकर माता-पिता ने रेलवे के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू श्री उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू मंडल के लिए यात्री सुविधा और संरक्षा सदैव प्राथमिकता रही है। हमारे कर्मचारी केवल टिकट जाँच तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हर परिस्थिति में यात्रियों के सहयोग के लिए तत्पर रहते हैं। आज की दोनों घटनाएं हमारे स्टाफ की ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता एवं संवेदनशीलता का प्रमाण हैं। हम यात्रियों को आश्वस्त करते हैं कि जम्मू मंडल उनकी सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
रेल प्रशासन सभी यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की स्वयं देखभाल करें एवं किसी भी सहायता के लिए रेल हेल्पलाइन नंबर 139, रेल मदद ऐप या नजदीकी रेल कर्मचारियों से संपर्क करें।