GMCH STORIES

टिकट बुकिंग आसान, तेज और सुलभ, साथ में स्वरोजगार के अवसर

( Read 601 Times)

08 Jul 26
Share |
Print This Page
टिकट बुकिंग आसान, तेज और सुलभ, साथ में स्वरोजगार के अवसर

जम्मू। यात्रियों को बेहतर एवं सुगम टिकट सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल द्वारा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन फेसिलीटेटर स्टेशन परिसर के बाहर स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट तथा यात्री टिकट सुविधा केंद्र स्थापित करने के लिए पात्र व्यक्तियों एवं एजेंसियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। एटीवीएम फेसिलीटेटर के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2026, एसटीबीए के लिए 22 जुलाई 2026 तथा वाईटीएसए के लिए 23 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन रेलवे द्वारा स्टेशनों पर लगाई गई टच-स्क्रीन आधारित मशीन है जिसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों को अनारक्षित टिकट, प्लेटफार्म टिकट और मासिक सीजन टिकट खरीदने के लिए लंबी कतारों से राहत देता है। जो यात्री मशीन का संचालन करने में असमर्थ हैं, उनकी सहायता के लिए स्टेशनों पर एटीवीएम फेसिलीटेटर भी तैनात किए जाते हैं। वहीं स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट योजना के अंतर्गत छोटे रेलवे स्टेशनों पर निजी एजेंट नियुक्त किए जाएंगे जो आम जनता को अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों को बिना किसी परेशानी के आसानी से टिकट उपलब्ध कराना और रेलवे टिकट काउंटरों पर काम का बोझ कम करना है। यह सुविधा मुख्य रूप से एनएसजी-4,5 और एनएसजी-6 श्रेणी के स्टेशनों पर लागू होगी। टिकट बिक्री पर एजेंट को रेलवे द्वारा निर्धारित प्रतिशत में कमीशन प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने यात्री टिकट सुविधा केंद्र रेलवे की पीपीपी यानी पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप योजना है। इसके अंतर्गत बाजारों में रेलवे टिकट काउंटर खोलने की अनुमति दी जाती हैं। इन केंद्रों पर यात्री आरक्षित एवं अनारक्षित दोनों प्रकार के टिकट बुक कर सकते हैं। रेलवे के नियमानुसार इन केंद्रों द्वारा यात्रियों से अतिरिक्त सेवा शुल्क भी लिया जा सकेगा। इस योजना में उन अनुभवी एजेंटों को प्राथमिकता से दी जाएगी। नए जम्मू मंडल के गठन के बाद यात्रियों को स्थानीय स्तर पर तेज एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन, स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट और यात्री टिकट सुविधा केंद्र के माध्यम से टिकटिंग का काम और अधिक सुचारू रूप से संचालित होगा तथा कर्मचारियों की कमी की समस्या का भी समाधान होगा, क्योंकि टिकटिंग का भार इन एजेंसियों एवं मशीनों पर बंट जाएगा।
यह पहल वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू श्री उचित सिंघल के नेतृत्व में जम्मू मंडल द्वारा डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है जिससे नकद रहित लेन-देन और तकनीक आधारित टिकटिंग को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही इन योजनाओं से स्थानीय युवाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं अनुभवी एजेंटों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू श्री उचित सिंघल ने कहा कि नया जम्मू मंडल यात्रियों की सेवा और विकास दोनों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एटीवीएम, एसटीबीए और वाईटीएसए केवल टिकट बिक्री के केंद्र नहीं हैं, बल्कि ये जनता और रेलवे के बीच विश्वास का सेतु हैं। हमारा संकल्प है कि जम्मू मंडल के प्रत्येक यात्री को चाहे वह शहरी क्षेत्र में हो या दूर-दराज के गांव में, न्यूनतम समय में अधिकतम सुविधा उपलब्ध हो। इन योजनाओं के माध्यम से हम टिकटिंग को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाना चाहते हैंए ताकि यात्रियों को लंबी कतारों से राहत मिले और उन्हें घर के पास ही सम्मानजनक सेवा प्राप्त हो। इसके साथ ही हमारा उद्देश्य स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना भी है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह पहल जम्मू मंडल को यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तर रेलवे के लिए एक आदर्श मंडल के रूप में स्थापित करेगी।
उन्होंने बताया कि आवेदक निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र, आवश्यक दस्तावेज एवं निर्धारित शुल्क के साथ मंडल वाणिज्य शाख, जम्मू में जमा कर सकते हैं। पात्रता, स्थान एवं अन्य नियम व शर्तों की विस्तृत जानकारी उत्तर रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट तथा जम्मू मंडल कार्यालय के सूचना पट्ट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यालय समय में जम्मू मंडल के वाणिज्य विभाग से संपर्क कर सकते हैं।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like