GMCH STORIES

पैसिफिक डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल द्वारा जनजागरूकता सप्ताह का आयोजन

( Read 284 Times)

01 Jun 26
Share |
Print This Page

पैसिफिक डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल द्वारा जनजागरूकता सप्ताह का आयोजन

उदयपुर। पैसिफिक डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, उदयपुर के जन स्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभाग द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में 25 मई से 31 मई तक विभिन्न स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सप्ताहभर चलाए गए अभियान का उद्देश्य आमजन, श्रमिकों, दिहाड़ी मजदूरों, ट्रक चालकों एवं अन्य समुदायों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा तंबाकू त्याग के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रतापनगर चौराहा, सलोनी कांटा औद्योगिक क्षेत्र, ट्रांसपोर्ट नगर तथा जिंक चौराहा पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में गुटखा, खैनी, पान मसाला, बीड़ी, सिगरेट एवं हुक्का जैसे तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। जागरूकता सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को तंबाकू सेवन से होने वाले मुख कैंसर, फेफड़ों के रोग, हृदय रोग एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में सरल एवं स्थानीय भाषा में समझाया गया। तंबाकू छोड़ने के प्रभावी उपायों की जानकारी भी प्रदान की गई तथा जागरूकता सामग्री एवं पैम्फलेट वितरित किए गए।
30 मई को जिंक चौराहा पर विभाग द्वारा एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों को जीवंत एवं प्रेरणादायक तरीके से प्रस्तुत किया गया। इस नाटक ने स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों एवं राहगीरों का विशेष ध्यान आकर्षित किया तथा उन्हें तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह के दौरान आमजन एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स को तंबाकू मुक्त जीवन की शपथ दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं तंबाकू का सेवन न करने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी तंबाकू से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. भगवान दास राय ने तंबाकू नियंत्रण एवं स्वास्थ्य संवर्धन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की। कार्यक्रमों का संचालन एवं मार्गदर्शन जन स्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. कैलाश आसावा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रमों में डॉ. अंकिता रावल (सहायक आचार्य) सहित विभाग के समस्त संकाय सदस्य, स्नातकोत्तर विद्यार्थी, इंटर्न्स एवं विभागीय टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही और जनजागरूकता गतिविधियों में सहभागिता निभाई।
सप्ताहभर चले इस अभियान को जनता से अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई तथा यह कार्यक्रम समाज में तंबाकू नियंत्रण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में प्रभावी सिद्ध हुआ।

 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like