उदयपुर। सुरों की मण्डली संस्था की ओर से आज (31 ) मई को अशोका पैलेस स्थित मधुश्री ऑडिटोरियम में भव्य संगीतमय संध्या “सदाबहार नगमे” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें हिंदी फिल्म संगीत के स्वर्णिम युग के अमर गीतों की सुरमयी प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में स्वर सम्राट मोहम्मद रफ़ी, स्वर कोकिला लता मंगेशकर, आशा भोंसले, किशोर कुमार सहित अन्य महान गायकों के लोकप्रिय गीतों को शहर के प्रतिभाशाली कलाकार अपनी आवाज़ में प्रस्तुत करेंगे।
सुरों की मण्डली के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. रीना राठौड़ होंगी। वे राजस्थान लघु उद्योग भारती की प्रदेश उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ उद्योग एवं उद्यमिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। डॉ. राठौड़ मेवाड़ हाईटेक इंजीनियरिंग लिमिटेड की निदेशक, मेवाड़ टेक्नोकास्ट प्राइवेट लिमिटेड की प्रबंध निदेशक तथा आयरन स्ट्रीट की प्रोपराइटर हैं। साहित्य और संगीत के प्रति विशेष रुचि रखने वाली डॉ. राठौड़ ने ग़ज़लों पर शोध कार्य भी किया है तथा उन्हें उद्योग जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
माधवानी ने बताया कि “सदाबहार नगमे” का उद्देश्य नई पीढ़ी को पुराने दौर के मधुर और कालजयी गीतों से जोड़ना तथा संगीत प्रेमियों को एक यादगार संगीतमय अनुभव प्रदान करना है। कार्यक्रम में शहर के अनेक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को सुनहरे संगीत युग की यादों में ले जाएंगे।
कार्यक्रम के आयोजन में हेमा जोशी, एच. काज़ी एवं राजकुमार बापना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। संस्था के सचिव अरुण चौबीसा ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, जबकि कोषाध्यक्ष योगेश उपाध्याय ने दर्शकों के लिए विशेष व्यवस्थाएं किए जाने की जानकारी दी। कार्यक्रम संयोजक हेमा जोशी ने सभी संगीत प्रेमियों से सपरिवार उपस्थित होकर इस सुरमयी संध्या का आनंद लेने का आग्रह किया।