आग के गोले में तब्दील हो चुके राजस्थान को आखिरकार बारिश की अमृत बूँदों ने बड़ी राहत दी है। मई की भीषण गर्मी से झुलस रहे प्रदेश में जब तापमान 48 से 51 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, तब आमजन का जीवन मानो थम सा गया था। सड़कें सूनी पड़ने लगी थीं, दोपहर में बाजार बंद जैसे दिखाई देते थे और पेयजल संकट ने शहरी और ग्रामीण इलाकों की चिंता बढ़ा दी थी। ऐसे समय में प्रदेश के कई हिस्सों में हुई प्री-मानसून बारिश ने लोगों को राहत की सांस लेने का अवसर दिया है।
शुक्रवार को राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली और भीषण गर्मी के बीच आंधी एवं बारिश का दौर देखने को मिला। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कई क्षेत्रों में तेज अंधड़ के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। विशेष रूप से जिन क्षेत्रों में मौसम में बदलाव और वर्षा की खबरें सामने आईं, उनमें जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर, बीकानेर, उदयपुर,अलवर,जोधपुर जैसे शहर और आसपास के इलाके शामिल रहे। कई स्थानों पर धूलभरी आंधी के बाद बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई और लोगों को हीटवेव से राहत मिली। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक राजस्थान के विभिन्न जिलों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
राजस्थान में इस वर्ष गर्मी ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए। श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, फलोदी, बाड़मेर और जैसलमेर जोधपुर और जयपुर जैसे जिलों में सूर्य की तपिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। दिन के समय गर्म हवाएं मानो आग उगल रही थीं। खेतों में काम करने वाले किसानों, निर्माण श्रमिकों और सड़क किनारे रोजगार करने वाले लोगों के लिए हालात बेहद कठिन हो गए थे। बिजली की बढ़ती मांग के कारण कई स्थानों पर कटौती की स्थिति भी बनी। पशु-पक्षी तक पानी और छांव के लिए भटकते नजर आए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी सहित सभी नेताओं ने पक्षियों के लिए परिंडे वितरित कर बेजुबानों को गर्मी में राहत दिलाने का प्रयास किया। ऐसे हालात में जब आसमान में बादलों ने डेरा डाला और बारिश की बूंदें धरती पर गिरीं, तो लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। जयपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, अलवर और जोधपुर सहित कई जिलों में हुई हल्की से मध्यम बारिश ने तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज हुई है। कई स्थानों पर धूलभरी आंधी के बाद बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। तपती धरती से उठी सोंधी खुशबू ने मानो प्रकृति का नया संदेश दिया कि राहत का दौर शुरू हो चुका है।
बारिश केवल मौसम की राहत नहीं होती, बल्कि यह आर्थिक और सामाजिक जीवन में भी नई ऊर्जा का संचार करती है। राजस्थान जैसे जल संकट से जूझने वाले प्रदेश में हर बूंद का विशेष महत्व है। प्री-मानसून बारिश से तालाबों, बांधों और जलाशयों में पानी की आवक होने से उनका जल स्तर बढ़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों को उम्मीद बंधी है कि इस बार मानसून अच्छा रहा तो पानी की स्थिति बेहतर होगी। किसानों के चेहरे पर भी खुशी दिखाई देने लगी है क्योंकि खरीफ फसलों की तैयारी के लिए यह बारिश शुभ संकेत मानी जा रही है।विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। कहीं अत्यधिक गर्मी, कहीं अचानक भारी बारिश और कहीं लंबे समय तक सूखे जैसी परिस्थितियां अब सामान्य होती जा रही हैं। राजस्थान में भी पिछले कुछ वर्षों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ा है। ऐसे में वर्षा की हर बूंद का संरक्षण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। राजस्थान की भजन लाल शर्मा सरकार द्वारा चलाए जा रहे जल संरक्षण अभियानों, तालाबों के पुनर्जीवन और वर्षा जल संचयन योजनाओं को जनभागीदारी के साथ और अधिक मजबूत बनाने की जरूरत है।
हालिया बारिश ने केवल मौसम को ही नहीं बदला, बल्कि लोगों के मनोभावों को भी सकारात्मक बनाया है। बच्चों ने बारिश में भीगकर आनंद लिया, युवाओं ने गर्मी से राहत महसूस की और बुजुर्गों ने चैन की सांस ली। सोशल मीडिया पर भी बारिश की तस्वीरें और वीडियो लोगों के उत्साह को दर्शाते नजर आए। कई स्थानों पर लोग छतों और गलियों में निकलकर इस राहत का स्वागत करते दिखाई दिए। हालांकि मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है, इसलिए सावधानी बरतना आवश्यक है। किसानों और आमजन को मौसम संबंधी सूचनाओं पर ध्यान देना चाहिए। राहत के इस दौर के बीच जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की जिम्मेदारी को भी समझना होगा, ताकि आने वाले वर्षों में प्रकृति का संतुलन बना रहे।
कुल मिलाकर, भीषण गर्मी से तपते राजस्थान के लिए यह बारिश किसी अमृत वर्षा से कम नहीं है। यह केवल तापमान में गिरावट नहीं, बल्कि उम्मीद, राहत और नई ऊर्जा का संदेश लेकर आई है। अब प्रदेशवासियों की निगाहें अच्छे मानसून पर टिकी हैं, जिससे जल संकट दूर हो और राजस्थान की धरती फिर से हरियाली और खुशहाली से भर उठे।