GMCH STORIES

बजट 2026ः श्रीगंगानगर के सर्वांगीण विकास की नई रूपरेखा

( Read 258 Times)

13 Feb 26
Share |
Print This Page

बजट 2026ः श्रीगंगानगर के सर्वांगीण विकास की नई रूपरेखा

श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जनकल्याण के लिये प्रतिबद्ध राजस्थान सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2026 के बजट में राजस्थान सरकार ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास की स्पष्ट और दूरदर्शी रूपरेखा प्रस्तुत की है। यह बजट केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि सैनिक कल्याण, कृषि उन्नयन, खेल प्रोत्साहन और आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण के माध्यम से संतुलित एवं समावेशी विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सीमांत जिला श्रीगंगानगर इससे विशेष रूप से लाभान्वित होने जा रहा है।
सबसे महत्वपूर्ण घोषणा सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान एवं सुविधाओं से जुड़ी है। श्रीगंगानगर में इंटीग्रेटेड सैनिक कॉम्प्लेक्स की स्थापना का निर्णय उन परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। इस कॉम्प्लेक्स में सैनिकों, पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और वीरांगनाओं को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही जोधपुर, टोंक, झुंझुनू, ब्यावर, फलोदी, खैरथल और शेरगढ़ में भी ऐसे कॉम्प्लेक्स प्रस्तावित हैं। पहले चरण में 36 करोड़ रुपये की लागत से चयनित जिलों में निर्माण कार्य शुरू होगा।
जिले में सेम (जलभराव) की समस्या लंबे समय से किसानों के लिए चुनौती बनी हुई है। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे प्रभावित इलाकों में इस समस्या के समाधान हेतु 1 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की जाएगी। यह पहल न केवल भूमि की उत्पादकता बढ़ाएगी, बल्कि किसानों की आय में भी स्थायी सुधार लाएगी।
कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए श्रीगंगानगर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तहत किन्नू प्रोसेसिंग प्लांट की नई यूनिट स्थापित की जाएगी। गंगानगरी किन्नू की देश-विदेश में पहचान है, लेकिन प्रोसेसिंग और मार्केटिंग की सीमित सुविधाओं के कारण किसानों को पूरा लाभ नहीं मिल पाता। नई यूनिट से स्थानीय किसानों को बेहतर बाजार, मूल्य संवर्धन और रोजगार के अवसर मिलेंगे।
खेल क्षेत्र में भी नई ऊर्जा का संचार होगा। लालगढ़ जाटान में लंबे समय से बंद पड़ी हैंडबॉल अकादमी को पुनः शुरू करने की घोषणा युवाओं के लिए उत्साहजनक है। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा का मंच मिलेगा।
आधारभूत संरचना के विकास के तहत जिले में कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। शिव चौक से किसान चौक तक 10 करोड़ रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण, 20 जेड से चूनावढ़ तक 22 करोड़ 50 लाख रुपये का सड़क कार्य तथा अन्य ग्रामीण सड़कों का निर्माण क्षेत्रीय संपर्क और व्यापारिक गतिविधियों को गति देगा। लालगढ़ जाटान छावनी क्षेत्र में वैकल्पिक मार्ग का निर्माण भी यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगा।
निश्चित रूप से यह बजट केवल विकास की घोषणाएं नहीं, बल्कि राजस्थान को आत्मनिर्भर, समृद्ध और संतुलित विकास की दिशा में अग्रसर करने का सशक्त प्रयास है। श्रीगंगानगर सहित पूरे प्रदेश में इन योजनाओं के क्रियान्वयन से आर्थिक, सामाजिक और संरचनात्मक विकास को नई गति मिलेगी। 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like