श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत राजकीय विद्यालय 5 ई छोटी में नशा मुक्ति कार्यशाला हुई।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने बताया कि नशा किसी भी रूप में हो, वह जीवन के लिए ज़हर है, जो न केवल शरीर को बल्कि परिवार, रिश्तों और भविष्य को भी धीरे-धीरे खत्म कर देता है। नशा सिर्फ एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का दुख बन जाता है। नशा सीधे मौत की ओर ले जाने वाला रास्ता है और अगर इस बर्बादी की सीढ़ी से बचना है, तो उसकी पहली पायदान पर ही चढ़ने से रुकना होगा।
कार्यशाला के अंत में बच्चों ने यह संकल्प भी लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने दोस्तों, परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिये जागरूक करेंगे। सभी विद्यार्थियों को नशा मुक्ति सुरक्षा कवच बैज वितरित किये गये। पुलिस कांस्टेबल श्री प्रवीण कुमार ने साइबर सुरक्षा, मानस हेल्पलाइन 1933 और ट्रैफिक नियमों के लिए उपस्थितजनों को जागरूक किया।