श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डाॅ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत ग्राम पंचायत नाहरांवाली में नशे के खिलाफ प्रेरणादायक एवं जागरूकता से भरपूर नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और युवाओं को इस दलदल से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने व उनकी टीम सहीराम, लक्ष्या ज्याणी द्वारा नाटक की प्रस्तुति इतनी जीवंत और प्रभावशाली रही कि दर्शकों की आंखें नम हो गईं। कलाकारों ने यह दर्शाया कि किस प्रकार नशा एक हंसते-खेलते परिवार को बर्बादी की ओर ले जाता है, रिश्तों को तोड़ देता है और जीवन की खुशियों को छीन लेता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों को समझें और अपने परिवार के सपनों को टूटने न दें। श्री गोपाल मेघवाल व साहबराम कूकणा ने नाटक की सराहना करते हुए कहा कि यह नाटक केवल एक प्रस्तुति नहीं, बल्कि समाज में बदलाव की एक मशाल है। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। इस आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि यदि समाज एकजुट होकर नशे के खिलाफ खड़ा हो जाए, तो इस बुराई को जड़ से खत्म किया जा सकता है।