GMCH STORIES

जिला कलक्टर ने किया रावला, घडसाना, अनूपगढ़ क्षेत्र का औचक निरीक्षण

( Read 427 Times)

09 Apr 26
Share |
Print This Page
जिला कलक्टर ने किया रावला, घडसाना, अनूपगढ़ क्षेत्र का औचक निरीक्षण

श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने गुरूवार को रावला, घडसाना और अनूपगढ़ क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रावला में तहसील, सीएचसी के निर्माणाधीन भवन, राजकीय चिकित्सालय और पुलिस थाना, घड़साना में एसडीएम कार्यालय, तहसील, सीएचसी, कृषि मण्डी और अनूपगढ़ में राजकीय चिकित्सालय के साथ-साथ अनूपगढ़ चिकित्सालय के नये भवन का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। घडसाना में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद को लेकर व्यापारियों, अधिकारियों से चर्चा करने के अलावा जिला कलक्टर ने पंचायत समिति में जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाएं भी सुनीं।
रावला पहुंचने के पश्चात जिला कलक्टर ने तहसील कार्यालय में रिकॉर्ड संधारण और जारी कार्यों का निरीक्षण किया। तहसीलदार से आवश्यक कार्यों की जानकारी लेने के पश्चात जिला कलक्टर ने कहा कि लम्बित प्रकरणों का निस्तारण अतिशीघ्र किया जाये। चिकित्सालय का अवलोकन करने के पश्चात जिला कलक्टर ने सीएचसी के निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्वक करवाये जायें। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। चिकित्सालय में साफ-सफाई, दवा, जांच सहित अन्य सेवाओं का निरीक्षण करने के पश्चात जिला कलक्टर ने भर्ती रोगियों से भी बातचीत की। उन्होंने चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि यहां आने वाले रोगियों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जायंे। पुलिस थाना निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने जर्जर भवन में आवश्यक सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ लम्बित प्रकरणों का निस्तारण किया जाये।
गेहूं खरीद के लिये तैयारियां पूर्ण, बारदाना भी पर्याप्त
इसके पश्चात जिला कलक्टर द्वारा गेेहूं खरीद को लेकर घडसाना व्यापार मण्डल में व्यापारियों और अधिकारियों से चर्चा की गई। इस दौरान व्यापारियों ने बारदाना की उपलब्धता करवाने के साथ-साथ गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी खरीद करने की मांग की। इस पर जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं की सुचारू खरीद के लिये आवश्यक तैयारियां पूर्ण हैं। बारदाना भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। केन्द्र सरकार द्वारा गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रूपये प्रति क्विंटल घोषित है। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा खरीद पर 150 रूपये का बोनस घोषित किया है। उन्होंने कहा कि किसानों और व्यापारियों की मांग पर एफसीआई को गेहूं खरीद नियमों में शिथिलता के लिये पत्र भिजवाया है।
गंभीरतापूर्वक करें परिवेदनाओं का निस्तारण
जिला कलक्टर द्वारा घडसाना में एसडीएम कार्यालय, तहसील व सीएचसी का भी निरीक्षण करते हुए कृषि उपज मंडी में गेहूं खरीद की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। इस दौरान पंचायत समिति घडसाना में जनसुनवाई करते हुए जिला कलक्टर ने आमजन की परिवेदनाओं को सुना और उनके निस्तारण के लिये समस्त अधिकारियों को निर्देश दिये कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार आमजन को राहत प्रदान की जाये। उन्होंने कहा कि अधिकारी गंभीरतापूर्वक परिवेदनाओं का निस्तारण सुनिश्चित करें ताकि आमजन की समस्याओं का निस्तारण हो।
स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता करें सुनिश्चित
इसके पश्चात जिला कलक्टर द्वारा अनूपगढ़ में राजकीय चिकित्सालय और निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। चिकित्सालय में जिला कलक्टर द्वारा ओपीडी, ओटी, डायलिसिस रूम, लैब और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए रोगियों से बातचीत की गई। उन्होंने भर्ती रोगियों से चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेकर अधिकारियों को निर्देश दिये कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार बेहतर उपचार सुविधाएं सुनिश्चित की जायें। दवा और जांच सुविधा की जानकारी लेकर उन्होंने डायलिसिस मशीन में सुधार के लिये भी निर्देश दिये।
उक्त निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों द्वारा जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य को पूर्ण करने, 11 केपीडी की जर्जर पुलिया का निर्माण करवाने, रोडवेज बस सेवा शुरू करने, कचरा संग्रहण के लिये भूमि आवंटित करने सहित अन्य मांगों के संबंध में ज्ञापन जिला कलक्टर को सौंपे गये। इस पर जिला कलक्टर ने सभी मांगों पर कार्यवाही का आश्वासन देते हुए कहा कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर अनूपगढ़ एडीएम श्री अशोक सांगवा, घडसाना एसडीएम प्रिया बजाज, श्री प्रशांत कौशिक, डॉ. राकेश गहन, तहसीलदार श्री रामस्वरूप मीणा, नायब तहसीलदार श्री जयप्रकाश, थानाप्रभारी श्री बलवंत कुमार, बीडीओ सहित अन्य मौजूद रहे। 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like