GMCH STORIES

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित

( Read 334 Times)

10 Apr 26
Share |
Print This Page
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित

श्रीगंगानगर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को लोकसभा क्षेत्र गंगानगर के सांसद श्री कुलदीप इंदौरा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केन्द्र  सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक में गेहूं खरीद को लेकर चर्चा हुई तथा कृषि विपणन व एफसीआई के अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि केन्द्र सरकार के निर्देशानुसार गेहूं खरीद की सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाये। बारदाना इत्यादि पर्याप्त मात्रा में होना चाहिए तथा गेहूं खरीद करने के पश्चात उठाव में किसी प्रकार का विलम्ब नहीं होना चाहिए।
बैठक में क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत, निर्माण व आवश्यकता अनुरूप सड़कों की चैड़ाई बढाने संबंधी प्रस्ताव लेने पर चर्चा हुई तथा विधानसभा क्षेत्रवार माननीय विधायकों से भी सड़कों के प्रस्ताव लिये जाये। एनएचएआई, जिला अग्रणी बैंक, रसद, स्वास्थ्य, जलदाय, नगरपरिषद से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद श्री इंदौरा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, अमृत योजना के कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाये।
बैठक में बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का पोर्टल खुला हुआ है तथा कोई भी पात्र नागरिक आवेदन कर सकता है। घरेलू गैस की आपूर्ति नियमित है तथा विवाह समारोह के लिये ग्रामीण क्षेत्र के लिये 2 तथा शहरी क्षेत्र के लिये 3 वाणिज्यिक सिलेण्डर देने की व्यवस्था की गई है तथा विद्यार्थियों को 5 किलोग्राम वाला एलपीजी सिलेण्डर दिया जा रहा है। बैठक में जानकारी दी गई कि भारत सरकार के निर्देशानुसार टीबी उन्मूलन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। देेश को 2027 तक टीबी मुक्त किया जाना है, इसको लेकर 100 दिन का अभियान चलाया जा रहा है।
जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव ने बैठक में सड़क निर्माण, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित केन्द्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र तक पहुंचाने के निर्देश दिये।
गंगानगर विधायक श्री जयदीप बिहाणी ने कहा कि शहर में वर्ष 2023-24 में कुछ सड़कों के शिलान्यास किये गये थे, उन कार्यों को भी पूरा किया जाये। उन्होंने कहा कि शहर में एलएनटी व अन्य कार्यकारी एजेंसियों द्वारा विकास के कार्य करवाये जा रहे हैं, उनमें जो कार्य जहां प्रारम्भ है, उन्हें पूर्ण किये जाये, जिससे आने वाले दिनों में वर्षा के दौरान आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जिन ठेकेदारों को जो कार्य दिया गया है, उसे समय पर पूरा करवाएं अन्यथा संबंधित के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाये।
इस दौरान सादुलशहर विधायक श्री गुरवीर सिंह बराड़, जिला प्रमुख श्री दुलाराम इंदलिया, रायसिंहनगर विधायक श्री सोहन नायक, अनूपगढ़ विधायक श्रीमती संतोष ने भी विकास योजनाओं को लेकर अपने सुझाव दिये। बैठक में शिक्षा, राजीविका, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, उद्योग एवं वाणिज्य, पशुपालन, श्रम, समाज कल्याण, महिला अधिकारिता, कृषि विभाग सहित जिला परिषद की विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा करते हुए विभागीय अधिकारियों को लम्बित कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिये गये।
इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरीशंकर, जिला परिषद सीईओ श्री गिरधर, श्री सुरेन्द्र पाल सिंह, श्रीमती सुनीता गोदारा, डाॅ. मोहित टांटिया, प्रशिक्षु आईएएस अदिति यादव, जिला परिषद एसीईओ श्री हरीराम चैहान, श्री ऋषभ जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like