GMCH STORIES

राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा द्वारा वाल्मीकि समाज महापंचायत 7 जून को

( Read 350 Times)

27 May 26
Share |
Print This Page
राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा द्वारा वाल्मीकि समाज महापंचायत 7 जून को


श्रीगंगानगर, : राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष शांतिलाल जावा ने श्रीगंगानगर का दौरा किया तथा समाज के प्रबुद्धजनों एवं पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से विशेष मुलाकात कर 7 जून, रविवार को सांय 4.00 से 7.00 बजे तक वाल्मीकि मंदिर प्रांगण, जैसलमेर में आयोजित ‘वाल्मीकि समाज महापंचायत एक दिवसीय चिंतन शिविर’ में सपरिवार व मातृशक्ति सहित शामिल होने का भावभीना निमंत्रण दिया। इस मौके पर सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल, जिला सचिव सीताराम सारसर, संजय चांवरिया, सुनील भाटिया, करण सरवटा, विनोद वाल्मीकि, मुकेश चांवरिया, विक्रम वाल्मीकि, धनुष नरवाल, वीर वाल्मीकि तथा भारत घावरी सहित पदाधिकारी, सदस्य व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।  


इस दौरान सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश वाल्मीकि तथा जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल के नेतृत्व में श्रीगंगानगर से बड़ी संख्या में पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने महापंचायत में उत्साहपूर्वक शामिल होने का संकल्प लिया।


सफाई कर्मचारी यूनियन जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल ने बताया कि बदलते सामाजिक परिवेश में वाल्मीकि समाज के चहुंमुखी विकास, संस्कृतिकरण तथा राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ‘शिक्षा, संगठन तथा आत्मविश्वास’ के तीन स्तंभों पर समाज के उत्थान की मजबूत नींव रखना है। महापंचायत में समाज में बढ़ती बेरोजगारी, कौशल की कमी एवं आर्थिक स्थिति का यथार्थ आकलन करने, शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने, युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु मार्गदर्शन देने तथा स्वरोजगार के अवसरों के सृजन पर गंभीर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कुपोषण, नशामुक्ति, सरकारी योजनाओं के अधिकतम लाभ को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्रों में सशक्त एवं प्रभावी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की रणनीतियों पर मंथन होगा। इस दौरान समाज में संवाद, एकता तथा आपसी सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ कई अन्य महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर ठोस निर्णय लिए जाएंगे। जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल ने समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए ‘वाल्मीकि समाज महापंचायत एक दिवसीय चिंतन शिविर’ को एक सार्थक पहल बताते हुए पदाधिकारियों, सदस्यों व समाज के प्रबुद्धजनों से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता कर अपने बहुमूल्य सुझावों व विचारों से अवगत करवाने का आह्वान किया है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like