श्रीगंगानगर। गंगनहर शताब्दी वर्ष के अवसर पर 26 अक्टूबर 2026 से लेकर 26 अक्टूबर 2027 तक आयोजित होने वाले गंगनहर शताब्दी समारोह को लेकर गठित कमेटी की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव के निर्देशानुसार जिला परिषद सीईओ श्री गिरधर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला परिषद सीईओ ने शताब्दी समारोह से संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा करते हुए निर्देशित किया कि आमजन की सहभागिता के साथ भव्य और ऐतिहासिक बनाया जाये।
बैठक में गंगनहर शताब्दी समारोह को वृहद स्तर पर आयोजित करते हुए इसे भव्य और ऐतिहासिक बनाने के निर्देश देते हुए श्री गिरधर ने कहा कि 26 अक्टूबर 2026 से लेकर 26 अक्टूबर 2027 तक आयोजित होने वाले समस्त कार्यक्रमों में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाये। उक्त कार्यक्रमों में जिले के किसानों, महिलाओं, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, सामाजिक-धार्मिक संगठनों के साथ-साथ सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व रहे। गंगनहर शताब्दी समारोह के तहत कृषि उपज मंडी समितियों में संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, गायन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजन के निर्देश दिये गये।
जिले के समस्त विद्यालयों में गंगनहर शताब्दी समारोह की थीम पर आधारित निबंध, कविता, स्लोगन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। इसके अलावा संबंधित विभागों के माध्यम से प्रतिमाह दौड़, साईकिल रैली, मैराथन, पौधारोपण, साफ-सफाई, रक्तदान सहित अन्य कार्यक्रम आयोजन के निर्देश देते हुए श्री गिरधर ने कहा कि विद्यार्थियों और आमजन को गंगनहर के महत्व के साथ-साथ जल संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जाये। उन्होंने शिक्षा विभाग को इस संबंध में अन्य गतिविधियां करने के भी निर्देश दिये। कृषि एवं उद्यान विभाग को किसानों की सहभागिता के साथ मेला आयोजन, प्रदर्शनी, गोष्ठी सहित अन्य कार्यक्रम करने के लिये निर्देशित किया गया।
पर्यटन विभाग को लोक कलाकारों के माध्यम से जिले में विभिन्न कार्यक्रम करने के निर्देश देते हुए श्री गिरधर ने कहा कि गंगनहर शताब्दी समारोह को राजस्थान की लोक संस्कृति एवं परम्पराओं से जोड़ते हुए इनके संरक्षण के प्रति भी आमजन को जागरूक किया जाये। उन्होंने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत शिवपुर हैड पर भी हॉट बाजार, चारदीवारी, सांस्कृतिक केन्द्र, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न कार्य करवाये जायेंगे। इस दौरान शिवपुर हैड के सौन्दर्यकरण के साथ-साथ वहां पहुंचने तक के सड़क मार्गों को व्यवस्थित और वैकल्पिक मार्ग चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्था करने पर भी चर्चा हुई।
जल संसाधन विभाग के एसई श्री धीरज चावला ने बताया कि गंगनहर शताब्दी समारोह के दौरान किसानों को आधुनिक सिंचाई तकनीक, ड्रिप सिस्टम पर गन्ना उत्पादन, जल बचत तकनीक, ड्रिप सिस्टम आदि विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जायेगी। नहरों की साफ-सफाई एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल उपयोक्त संगम अध्यक्षों का सम्मान और उनके साथ माइक्रो इरिगेशन व गंगकैनाल प्रणाली को ओर मजबूत करने पर संगोष्ठी की जायेगी। कृषि क्षेत्र में नवाचार व प्रगतिशील किसानों का सम्मान किया जायेगा।
इस अवसर पर एएसपी श्री दीपक शर्मा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सतीश शर्मा, कृषि विपणन बोर्ड के संयुक्त निदेशक श्री महीपाल, सीडीईओ श्री अरविन्द सिंह, पीडब्ल्यूडी एसई श्री भीमसेन स्वामी, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक श्री महेश कुमार व्यास, पर्यटन अधिकारी श्री पवन शर्मा, उद्यान विभाग की उपनिदेशक श्रीमती प्रीति गर्ग, यूआईटी एक्सईन श्री सुरेन्द्र पूनिया, श्री नरेश मीणा सहित अन्य मौजूद रहे।