श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जनकल्याण के लिये प्रतिबद्ध राजस्थान सरकार द्वारा आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर जरूरतमंद परिवारों के लिये राहत बन रहे हैं।
पदमपुर उपखण्ड की ग्राम पंचायत 23 बीबी में सोमवार को आयोजित शिविर के दौरान श्रीमती विमला द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के लिये आवेदन किया। बीपीएल परिवार से संबंधित परिवादिया की पुत्री का विवाह 29 मार्च 2026 को हुआ था। शिविर प्रभारी द्वारा आवेदन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए श्रीमती विमला को लाभ दिया गया। इसी प्रकार श्रीमती शीला देवी पत्नी श्री ओम प्रकाश को स्वामित्व योजना के अंतर्गत पट्टा व प्रोपर्टी पार्सल सौंपा गया।
श्री गुरमीत सिंह, श्री गुलाब सिंह पुत्र श्री रेशम सिंह निवासी 27 बीबी ने शिविर में आपसी सहमति से खाता विभाजन के लिये आवेदन किया। मौके पर ही खाता विभाजन की कार्यवाही कर परिवादियों को लाभान्वित किया गया। लाभार्थियों ने लाभ मिलने पर राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।