GMCH STORIES

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

( Read 362 Times)

25 Jun 26
Share |
Print This Page

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

श्रीगंगानगर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक गुरुवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी बनाने के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने पूर्व में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट के वाहन नहीं चलाए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाए तथा आमजन को यातायात नियमों की पालना के प्रति जागरूक किया जाए।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जहां भी सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है, वहां आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपाय अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि जहां भी रोड़ बनाये जा रहे है, वहां फुटपाथ अवश्य रूप से बनवाने के साथ-साथ कवर ड्रेनेज की व्यवस्था करवाना भी सुनिश्चित करें, ताकि वर्षा ऋतु में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की नियमित कटाई-छंटाई करवाई जाए, जिससे वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित न हो।
उन्होंने नगर परिषद एवं संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि शहर की सभी प्रमुख सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत एवं भराव कार्य बारिश से पूर्व पूर्ण कर लिया जाए। इसके अलावा जिले के सभी अंडरब्रिज में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मानसून से पूर्व आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। सड़क किनारे एवं शहरी क्षेत्रों में अनधिकृत पार्किंग की समस्या पर चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने नगर परिषद एवं यातायात पुलिस को संयुक्त रूप से अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अनाधिकृत पार्किंग सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती है, इस पर विशेष निगरानी रखने के लिये कहा। राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा करते हुए एनएचएआई अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बरसात के मौसम को देखते हुए सड़क किनारे नालों की साफ-सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को सुचारू रखने पर भी जोर दिया गया। जिला कलक्टर ने नगर परिषद एवं संबंधित विभागों को जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों की पहचान कर समय रहते आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए ताकि यातायात प्रभावित न हो। साथ ही सड़कों के किनारे लगे विद्युत पोलों, झूलते तारों तथा अन्य अवरोधों को हटाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
जिला कलक्टर ने नगर परिषद को निर्देश दिए कि शहर में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को अभियान के रूप में संचालित किया जाए तथा प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) श्री सुभाष कुमार, सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला, श्रीमती राजेश, सुश्री यशिका चैधरी, श्री अरविन्द्र सिंह, श्री भीमसेन स्वामी, श्री मंगत सेतिया, जिला पुलिस, परिवहन विभाग, नगर परिषद, एनएचएआई तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित कर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like