श्रीगंगानगर। जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा होटल, गेस्ट हाउस एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में नियमों की पालना को लेकर जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने श्रीगंगानगर होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में प्रशासन और पुलिस द्वारा नियमित रूप से संयुक्त जांच अभियान चलाया जाएगा।
जिला कलक्टर ने कहा कि होटल, गेस्ट हाउस एवं अन्य संस्थानों का संचालन निर्धारित नियमों एवं कानूनों के अनुरूप होना आवश्यक है। यदि किसी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन अथवा किसी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित होती पाई गई तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध सीज करने सहित नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में कानून.व्यवस्था बनाए रखना तथा महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने होटल संचालकों से कहा कि वे अपने प्रतिष्ठानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का रिकॉर्ड निर्धारित प्रावधानों के अनुसार संधारित करें, पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस एवं प्रशासन को दें। होटल संचालकों की जिम्मेदारी केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से होटल, गेस्ट हाउस और अन्य संस्थानों का नियमित निरीक्षण एवं जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान अनियमितता या अवैध गतिविधि मिलने पर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन की मंशा का स्वागत करते हुए महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि एसोसिएशन से जुड़े सभी होटल संचालकों को नियमों की पालना सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार सहित होटल एसोसिएशन पदाधिकारी सहित अन्य मौजूद रहे।