श्रीगंगानगर। मंगलवार को अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस यूनियन के अध्यक्ष सेठी वाल्मीकि व जिलाध्यक्ष बंटी वाल्मीकि के नेतृत्व में प्रशासक नगर परिषद को अस्थाई सफाई कर्मचारियों व ट्रैक्टर ट्राली श्रमिकों के बकाया वेतन के भुगतान हेतु मांग की। जिलाध्यक्ष बंटी वाल्मीकि ने बताया कि नगर परिषद, श्रीगंगानगर में अस्थाई रूप से कार्यरत सफाई श्रमिकों एवं ट्रैक्टर ट्रॉली श्रमिकों के बकाया वेतन भुगतान को लेकर कर्मचारियों एवं यूनियन में भारी रोष व्याप्त है। यूनियन ने नगर परिषद प्रशासक को ज्ञापन सौंपकर बकाया वेतन का भुगतान शीघ्र करवाने की मांग की है। अस्थाई सफाई श्रमिकों को माह मई 2026 का वेतन तथा ट्रैक्टर ट्रॉली श्रमिकों को गत तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है जिससे उन्हें अपने परिवार के पालन पोषण एवं दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अनुबंध की शर्तों एवं श्रम विभाग के नियमों के अनुसार श्रमिकों को प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वेतन का भुगतान किया जाना आवश्यक है किन्तु इसका पालन नहीं किया जा रहा है।
सफाई कर्मचारी यूनियन ने नगर परिषद प्रशासक से मांग की है कि अस्थाई रूप से कार्यरत सभी सफाई श्रमिकों एवं ट्रैक्टर ट्रॉली श्रमिकों का बकाया वेतन आगामी चार दिवस के भीतर भुगतान किया जाए अन्यथा यूनियन कर्मचारियों के साथ सफाई व्यवस्था ठप्प कर हड़ताल एवं धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की होगी। इस दौरान अध्यक्ष सेठी वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष बंटी वाल्मीकि, प्रधान सूरज भाटिया, महामंत्री समीर वाल्मीकि, प्रदेश सचिव अमन भाटिया, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक चांवरिया, महामंत्री सोणी वाल्मीकि, बसंत सारवाण, राजीव भाटिया, सम्राट, अशोक सुमाली, रिन्कू सारसर, संजय चांवरिया, कैलाश चांवरिया, अरूण भाटिया, अनिल सारवाण, महेंद्र सारसर, विक्रम भाटिया, हिम्मत, सुनील आदिवाल आदि मौजूद रहे।