श्रीगंगानगर। डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय श्रीगंगानगर में बुधवार को छात्रों के मानसिक विकास और आंतरिक शांति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की एनएसएस इकाई एवं एमओयू एवं सीएसआर समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान एवं विपश्यना केंद्र जयपुर के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विपश्यना केंद्र श्रीगंगानगर से श्री सौरभ देवनानी एवं श्री राजेंद्र सांगवान उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को विपश्यना ध्यान पद्धति की जानकारी देते हुए दैनिक जीवन में योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विपश्यना केंद्र का मुख्य उद्देश्य लोगों को गौतम बुद्ध द्वारा प्रतिपादित विपश्यना ध्यान पद्धति के माध्यम से मानसिक शांति और आत्म-जागरूकता प्रदान करना है। केंद्र निशुल्क आवासीय शिविरों के माध्यम से समाज में तनावमुक्त, नैतिक एवं सद्भावपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
सत्र के दौरान विशेषज्ञों द्वारा 13 मिनट एवं 10 मिनट के दो अभ्यास सत्र करवाए गए। इस दौरान छात्रों को योग अभ्यास के साथ-साथ मौन साधना का अभ्यास भी करवाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय समिति के डॉ. ओ.पी. तिवारी, डॉ. नवीन तिवारी, डॉ. पटेल राम सुथार, डॉ. राजेंद्र, डॉ. भावना ग्रोवर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। डॉ. पटेल राम सुथार द्वारा अतिथियों, सहयोगियों तथा स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया गया।