श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए कहा कि काफी समय से लम्बित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार निस्तारण किया जाये।
जिला कलक्टर ने कहा कि लंबित न्यायालय प्रकरणों एवं पुराने कोर्ट प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से तलबी रास्तों से संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।
बैठक में डीसीएस गिरदावरी, फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा, राजस्थान काश्तकारी अधिनियम, 1956 की धारा 117 के अंतर्गत प्रकरण जून 2026 तक न्यायालयों में हुए निर्णय एवं शेष लंबित मामलों, विचारधीन विभागीय जाँचो की प्रगति, आपसी सहमति से खाता विभाजन के प्रकरणों, राजकीय भूमि पर अतिक्रमण के प्रकरणों की समीक्षा, भूमि अवाप्ति प्रकरणों की, खातेदारी प्रकरणों, लम्बित एनओसी के प्रकरणों की तथा माननीय उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय में लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी राजस्व कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा रिकॉर्ड अद्यतन रखने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
उन्होंने कहा कि शहरी व ग्रामीण फॉलोअप शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाए। शिविरों में प्राप्त प्रकरणों का अधिकतम निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में नामांतरण, सीमाज्ञान, अविवादित इंतकाल, भूमि आवंटन, राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों सहित विभिन्न राजस्व विषयों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में किया जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री सुभाष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर सूरतगढ़ श्री भवानी सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर अनूपगढ़ श्री अशोक सांगवा, एसीएम श्रीमती स्वाति गुप्ता, उपखण्ड अधिकारी विजयनगर श्री अजीत कुमार, उपखंड अधिकारी श्री गंगानगर श्री नयन गौतम, उपखंड अधिकारी सूरतगढ़ श्री भारत जयप्रकाश मीणा, उपखंड अधिकारी सादुलशहर श्री संजय अग्रवाल, उपखंड अधिकारी श्रीकरणपुर श्रीमती सुमित्रा बिश्नोई, उपखंड अधिकारी घडसाना श्री दीपक चंदन साहित, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य संबंधित राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।