उदयपुर। अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी वीना अग्रवाल ने अपनी 38वीं वैवाहिक वर्षगांठ को सेवा, संस्कार और संवेदनाओं के साथ मनाते हुए द्रौपदी देवी तारा संस्था वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच खुशियां बांटी। इस अवसर पर दंपती ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया, केक काटकर वर्षगांठ मनाई तथा सभी को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
महासभा की जिला इकाई के सह सचिव घनश्याम मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के हेमराज पोद्दार द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। इसके बाद ओमप्रकाश एवं वीना अग्रवाल ने केक काटकर अपने वैवाहिक जीवन के 38 वर्ष पूर्ण होने की खुशी साझा की। उपस्थित पदाधिकारियों, महिला प्रकोष्ठ की बहनों एवं कार्यकर्ताओं ने दंपती का अभिनंदन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महासभा की ओर से वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई। बुजुर्गों ने दंपती को आत्मीय आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम का माहौल पारिवारिक, भावनात्मक और प्रेरणादायी बना रहा।
समारोह में प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल, वीना अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, सानवी, बाबूलाल गुप्ता, गोपाल अग्रवाल, घनश्याम मित्तल, हिमकुमार ऐरन, जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष पुष्पलता तायल, महामंत्री रेखा अग्रवाल, लीलावती मित्तल, सरिता बंसल, रेनू गुप्ता, आशा गुप्ता, कल्पना अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। अंत में महिला प्रकोष्ठ की महामंत्री रेखा अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।