GMCH STORIES

महाशिवरात्रि पर आज फील्ड क्लब में पार्थिव शिवलिंग पूजन के साथ होगा विराट हिंदू सम्मेलन

( Read 914 Times)

14 Feb 26
Share |
Print This Page
महाशिवरात्रि पर आज फील्ड क्लब में पार्थिव शिवलिंग पूजन के साथ होगा विराट हिंदू सम्मेलन

उदयपुर। संपूर्ण भारतवर्ष में आयोजित हो रहे विराट हिंदू सम्मेलनों की श्रृंखला में उदयपुर की पंचवटी बस्ती में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 फरवरी रविवार को फील्ड क्लब में भव्य विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन अनंत श्री विभूषित निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर राजगुरु स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के सान्निध्य में होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 9.30 बजे पार्थिव शिवलिंग पूजन से होगा, जिसके पश्चात विशाल धर्मसभा का आयोजन रखा गया है। सभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम मुख्य वक्ता होंगे।

पार्थिव शिवलिंग पूजन में श्रद्धालु स्वयं मिट्टी से शिवलिंग बनाकर विधि-विधान से पूजन करेंगे। मान्यता है कि परिवार सहित इस पूजन को करने से धन-धान्य, आरोग्य, संतान सुख एवं पारिवारिक सुख-शांति की प्राप्ति होती है। आयोजन समिति ने सभी समाज बंधुओं से परिवार सहित इस दिव्य अनुष्ठान में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

इस महाआयोजन को सफल बनाने के लिए पंचवटी बस्ती में एक सशक्त आयोजन समिति का गठन किया गया है। सर्वसम्मति से राजेश खमेसरा को विराट हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति का अध्यक्ष तथा दिलीप सिंह राठौड़ को कार्यक्रम संयोजक नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम के मार्गदर्शन के लिए एक संरक्षक मंडल का भी गठन किया गया है, जिसमें डॉ. भगवती प्रसाद शर्मा, गोविंद अग्रवाल, डॉ. कैलाश सोडाणी, लेफ्टिनेंट जनरल एन के सिंह, अखिलेश जोशी, भूपेंद्र श्रीमाली, अनुराग सक्सेना, अनिल गोधा आदि को शामिल किया गया है।

उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी प्रशांत मधुप, भूपेंद्र सिंह बाबेल, लक्ष्मीकांत वैष्णव, चंद्रसिंह कोठारी, मुकेश मोदी, अशोक दोषी, अनंत गणेश त्रिवेदी, सुषमा कुमावत, ओमप्रकाश अग्रवाल तथा मांधाता सिंह राणावत को सौंपी गई है। कोषाध्यक्ष का दायित्व डॉ. राहुल जैन को तथा प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी चेतन प्रकाश शाकद्वीपीय को दी गई है।

पंचवटी बस्ती के अंतर्गत चेतक सर्किल, मधुबन, मोती मगरी स्कीम, दैत्य मगरी, पंचवटी, ट्रेंच कॉलोनी, गुमानिया वाला, सरदारपुरा, न्यू फतेहपुरा, टेक्नो सोसाइटी, डांगियों की बाड़ी, सहेली नगर, पोलो ग्राउंड, बाठेड़ा कॉलोनी तथा आरएनटी मेडिकल कॉलेज का क्षेत्र सम्मिलित है। इन सभी उप बस्तियों के प्रमुखों की घोषणा भी कर दी गई है, जिससे संगठनात्मक स्तर पर व्यापक जनसंपर्क सुनिश्चित किया जा सके।

विराट हिंदू सम्मेलन के संदर्भ में शनिवार को पोस्टर विमोचन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर उत्साह प्रकट किया। कार्यक्रम संयोजक दिलीप सिंह राठौड़ ने बताया कि आयोजन को भव्य और अनुशासित स्वरूप देने के लिए विभिन्न उप बस्तियों के समन्वयकों की नियुक्ति की गई है। वहीं आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश खमेसरा ने पंचवटी बस्ती में निवासरत सनातन धर्म में आस्था रखने वाले सर्व समाज के नागरिकों से परिवार सहित पार्थिव शिवलिंग पूजन एवं धर्मसभा में सहभागी बनने की भावपूर्ण अपील की है।

धर्मसभा के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर आयोजित यह विराट हिंदू सम्मेलन धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का ऐतिहासिक संगम बनने जा रहा है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like