उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर के पर्यटन क्षेत्र को अधिक संगठित, सशक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) की नई पर्यटन विंग ‘बीसीआई टूरिज्म’ की पहली आधिकारिक बैठक आज शाम 6:00 बजे सुभाष नगर स्थित ओरिएंटल पैलेस रिसॉर्ट्स में आयोजित हो रही है। इस बैठक में शहर के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े होटलियर्स, ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स, इवेंट प्लानर्स, गाइड्स और अन्य प्रोफेशनल्स एक मंच पर एकत्रित होकर आपसी परिचय, संवाद और नेटवर्किंग के माध्यम से नए अवसरों की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि उदयपुर की अर्थव्यवस्था में पर्यटन उद्योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हर वर्ष लाखों देशी-विदेशी पर्यटक यहां आते हैं, जिससे होटल, ट्रैवल, ट्रांसपोर्ट, इवेंट्स और स्थानीय व्यापार से जुड़े हजारों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि बीसीआई टूरिज्म का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र के सभी हितधारकों को एक मजबूत नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म से जोड़ना है, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकें, नए व्यापारिक अवसर तलाश सकें और आपसी सहयोग से अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें।
बीसीआई टूरिज्म की अध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच निरंतर संवाद, सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते दौर में पर्यटन उद्योग नई चुनौतियों और संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है, ऐसे में सभी प्रोफेशनल्स का एक मंच पर आकर विचार-विमर्श करना उदयपुर के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
जनरल सेक्रेटरी गौरव भंडारी ने बताया कि इस बैठक में बीसीआई टूरिज्म की कार्यप्रणाली, आगामी गतिविधियों और दीर्घकालिक योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। साथ ही परिचय सत्र के माध्यम से विभिन्न प्रोफेशनल्स एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जान रहे हैं, जिससे भविष्य में सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।
सेक्रेटरी सुरभि मेनारिया धींग ने कहा कि बीसीआई टूरिज्म का यह मंच पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए नेटवर्किंग, सहयोग और समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी माध्यम बन रहा है। बैठक के दौरान प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करने और उद्योग से जुड़ी चुनौतियों पर खुलकर चर्चा करने का अवसर मिल रहा है।
कोषाध्यक्ष स्वाति स्वरूपरिया ने बताया कि बैठक के दौरान सदस्यता अभियान को भी गति दी जा रही है और आगामी प्रोजेक्ट्स एवं योजनाओं के लिए बजट और संसाधनों पर चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि बीसीआई टूरिज्म का लक्ष्य एक ऐसा सशक्त नेटवर्क तैयार करना है, जो न केवल व्यवसायिक विकास में सहायक हो, बल्कि उदयपुर के पर्यटन को नई दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।