उदयपुर। भारत के प्रतिष्ठित बिजनेस नेटवर्किंग ग्रुप बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) और मोनालिसा कैमरा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महिला स्वास्थ्य जागरूकता शिविर अशोका पैलेस स्थित मधुश्री बैंक्वेट हॉल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मोनालिसा कैमरा क्लब की अध्यक्ष तमन्ना सुहालका ने बताया कि कार्यक्रम में शहर की सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया, जहाँ उन्हें न केवल स्वास्थ्य परामर्श मिला बल्कि विशेषज्ञों के माध्यम से जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा भी मिली।
मुकेश माधवानी ने किया डॉक्टर्स और मोनालिसा की टीम का सम्मान
कार्यक्रम में बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने डॉ. मेघा, क्लॉडिया मैक्सवेल और डॉ. ललिता सुहालका के साथ मोनालिसा कैमरा क्लब की टीम को मोमेंटो और उपरणा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जब एक महिला स्वस्थ होती है, तो पूरा परिवार और समाज स्वस्थ रहता है। बीसीआई व्यापार के साथ-साथ सामाजिक स्वास्थ्य और जागरूकता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को हमेशा सर्वोपरि मानता है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी विस्तृत स्वास्थ्य जानकारी
मलेशिया से एमडी और फेलोशिप प्राप्त डॉ. मेघा ने महिलाओं में बढ़ती पीसीओडी और फाइब्रॉइड जैसी जटिल समस्याओं पर विस्तार से बात की। चिकित्सा क्षेत्र में 16 वर्षों का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि कैसे होम्योपैथी के माध्यम से इन हार्मोनल समस्याओं का बिना किसी दुष्प्रभाव के स्थाई उपचार संभव है।
उन्होंने ऑटोइम्यून डिसऑर्डर के लक्षणों और उनके निवारण के बारे में भी महिलाओं को जागरूक किया। उल्लेखनीय है कि डॉ. मेघा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए आइकन्स ऑफ एशिया और वंडर वुमन जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से स्नातक क्लॉडिया ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपने लंबे अनुभव के आधार पर 50 वर्ष की आयु के बाद महिलाओं के शरीर में होने वाले परिवर्तनों पर ध्यान केंद्रित किया।
उन्होंने विशेष रूप से वेगन जीवनशैली के महत्व को समझाते हुए बताया कि किस तरह पादप-आधारित पोषण से गंभीर बीमारियों को दूर रखा जा सकता है। उन्होंने डाइट के माध्यम से बढ़ती उम्र में भी ऊर्जावान रहने के कई सूत्र महिलाओं के साथ साझा किए।
आहार एवं पोषण में पीएचडी प्राप्त और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से मान्यता प्राप्त डाइट स्पेशलिस्ट डॉ. ललिता ने डाइट चार्ट के वैज्ञानिक महत्व को समझाया।
उन्होंने बताया कि हर महिला की शारीरिक बनावट, उम्र और स्वास्थ्य की स्थिति अलग होती है, इसलिए विशेषज्ञ की सलाह से बना डाइट चार्ट ही शरीर को सही पोषण दे सकता है। उन्होंने दैनिक आहार में सही संतुलन और समय पर भोजन करने की आदतों पर जोर दिया।
पिंक थीम और पुरस्कारों की रही धूम
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के उत्साहवर्धन के लिए कई प्रतियोगिताएं भी रखी गईं। अनुशासन के लिए पंक्चुअलिटी प्राइज, आगामी त्यौहार के उपलक्ष्य में गणगौर स्पेशल प्राइज और सबसे सुंदर परिधान के लिए आकर्षक ड्रेस प्राइज दिए गए।
आयोजन को सफल बनाने में मोनालिसा कैमरा क्लब की सचिव वैशाली मोटवानी, कोषाध्यक्ष मनीषा जैन और फाउंडर दीपा सबला व साधना अनुपमा सहित पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर के अंत में उपस्थित महिलाओं ने विशेषज्ञों से व्यक्तिगत परामर्श भी प्राप्त किया।