उदयपुर। आबकारी आयुक्त, राजस्थान नमित मेहता के निर्देशन में शनिवार को आबकारी विभाग, मुख्यालय उदयपुर में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। आयुक्त श्री मेहता ने अभियान के अंतर्गत संपूर्ण कार्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया गया तथा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए ।
निरीक्षण के दौरान श्री मेहता ने मुख्यालय परिसर के विभिन्न अनुभागों का विस्तृत अवलोकन करते हुए स्वच्छता मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय परिसरों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा कार्यस्थल को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं कार्य-उपयुक्त बनाए रखा जाए। अभियान के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि विभिन्न अनुभागों में उपलब्ध नकारा एवं अनुपयोगी सामग्री का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे कार्यालय परिसर में अनावश्यक वस्तुओं का संचय समाप्त हो तथा कार्यकुशलता में वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) अनिल शर्मा सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारीगण उपस्थित रहे।