GMCH STORIES

जल संरक्षण को सिर्फ आयोजन नहीं जनभागीदारी से सामाजिक अभियान बनाएं - जिला कलक्टर

( Read 519 Times)

23 May 26
Share |
Print This Page
जल संरक्षण को सिर्फ आयोजन नहीं जनभागीदारी से सामाजिक अभियान बनाएं - जिला कलक्टर

उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर लगातार दूसरे वर्ष आयोजित हो रहे “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026” की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक ली।

जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को जन आंदोलन के रूप में संचालित किया जाए तथा इसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता से जुड़ा सामाजिक अभियान है, जिसके माध्यम से जल बचत और जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता विकसित की जानी चाहिए।
जिला कलक्टर ने 25 मई को प्रस्तावित जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम 25 मई को दूधतलाई पर प्रभारी मंत्री एवं प्रभारी सचिव की उपस्थिति में आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान जल पूजन, कलश यात्रा सहित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए ताकि जल संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचे।
बैठक में अभियान के दौरान प्रतिदिन आयोजित होने वाली गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी कार्यक्रम प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित हुई, जिसमें अभियान को सफल बनाने तथा व्यापक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, जिला परिषद सीईओ विरमाराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like