GMCH STORIES

यशवंत फाउंडेशन की “Night Run 2.0” में उमड़ी महिला शक्ति

( Read 633 Times)

14 Jun 26
Share |
Print This Page
यशवंत फाउंडेशन की “Night Run 2.0” में उमड़ी महिला शक्ति

उदयपुर। जब आधी आबादी के कदम एक साथ सड़क पर उतरे, तो रात की खामोशी तालियों की गड़गड़ाहट और जोश के नारों से गूंज उठी। मौका था यशवंत फाउंडेशन द्वारा आयोजित “Night Run 2.0” का, जहां उदयपुर की सड़कों पर महिला शक्ति, आत्मविश्वास और अटूट एकजुटता का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। फाउंडेशन की संयोजक कनिष्का श्रीमाली के नेतृत्व में आयोजित इस नाइट रन में करीब 300 महिलाओं ने हिस्सा लिया। महाकाल मंदिर से लेकर राजीव गांधी पार्क तक का पूरा रास्ता महिलाओं के अदम्य साहस का गवाह बना।

कभी रुकीं, कभी दौड़ीं पर थमी नहीं नारी शक्ति

दौड़ के दौरान सड़कों पर एक साथ उठते कदमों की धमक और महिलाओं का अद्भुत जोश दिखाई दिया। कई मोड़ ऐसे आए जहां सांसें फूलने लगीं, कदम धीमे हुए, महिलाएं कभी रुकीं, एक-दूसरे को संभाला, हौसला बढ़ाया और फिर दोगुनी रफ्तार से दौड़ पड़ीं। इस उतार-चढ़ाव ने यह साफ कर दिया कि देश की आधी आबादी का नेतृत्व करने वाली यह महिला शक्ति विपरीत परिस्थितियों में थक सकती है, लेकिन कभी रुक नहीं सकती।

महारानी निवृत्ति कुमारी मेवाड़ ने कहा— "महिलाएं जन्म से सशक्त, बस खुद के लिए चलना जरूरी"

इस ऐतिहासिक दौड़ का शुभारंभ मुख्य अतिथि महारानी निवृत्ति कुमारी मेवाड़ द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं जन्म से ही सशक्त और भीतर से मजबूत होती हैं। वे जीवनभर दौड़ती ही रहती हैं; विवाह से पहले माता-पिता और भाई-बहनों की जिम्मेदारियों के लिए दौड़ती हैं और विवाह के बाद पति, बच्चों एवं पूरे परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में लगी रहती हैं। महारानी ने संदेश दिया कि यदि हमेशा फिट रहना है तो रुकना नहीं है, बस चलते रहना है। आज की यह दौड़ इसी बात का प्रतीक है कि अब महिलाओं को अपनी सेहत और खुद के वजूद के लिए भी आगे बढ़ना होगा।

पूर्व जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने बांटे पुरस्कार, उम्र के फासले मिटे

दौड़ के समापन पर पूर्व जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दोनों श्रेणियों (15 से 35 वर्ष तथा 35 से 60 वर्ष एवं उससे अधिक) की विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके उत्साह की सराहना की। दौड़ में वरिष्ठ महिलाओं का जज्बा भी युवाओं जैसा देखने को मिला।

अतिथियों एवं गणमान्यजनों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री जगदीशराज श्रीमाली, डॉ. दीपा सिंह (अर्थ डायग्नॉस्टिक), तारिका भानुप्रताप सिंह, मुकेश माधवानी, उषा चौधरी, स्मिता चौधरी, पवन जी, आरएएस अधिकारी शिल्पा सक्सेना, सीआई सुशीला खोईवाल, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह केलावत, राजीव सुराणा, भूपेश परमार, अजीत चौधरी, कमल बरौलिया, चेतन जैन, मृणाल कुमावत, मीनाक्षी भैरवानी, संतोष वशिष्ठ, सिद्धार्थ सोनी एवं चंद्रकला चौधरी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विशेष आकर्षण

कार्यक्रम में लेट अस हूप के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा आकर्षक हुला-हूप प्रस्तुति दी गई, जिसे सबने खूब सराहा। विशेष आकर्षण के रूप में इंदौर से पधारी गोल्ड मेडलिस्ट नित्या सिंह भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने महिलाओं को फिटनेस के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन सूर्य प्रकाश सुहालका द्वारा किया गया।

टीम के सहयोग से सफल हुआ आयोजन

आयोजन को सफल बनाने में ईशिका त्रिवेदी, जागृत श्रीमाली, हर्षिता श्रीमाली, विश्वविजय सिंह केलावत, आर्यन, अमनजोत सिंह, आतिश मालवीय, जीतू सालवी, चिराग श्रीमाली, करन श्रीमाली, गौरव सिंह, सुमित माली, जयवर्धन सिंह सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।

अंत में संयोजक कनिष्का श्रीमाली ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और टीम सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि महिलाओं को एक मंच पर लाकर उनके स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सहभागिता को बढ़ावा देना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य था।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like