GMCH STORIES

हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह

( Read 605 Times)

14 Jun 26
Share |
Print This Page
हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह

उदयपुर। मेवाड़ी मान और स्वाभिमान के लिए वीरों ही नहीं, वीरांगनाओं ने भी अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उस शौर्यपूर्ण बलिदानी इतिहास के पन्नों को चित्रों के माध्यम से जन—जन तक पहुंचाने के लिए सोमवार 15 जून से उदयपुर के महाराणा भूपाल स्टेडियम गांधी ग्राउंड में तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का आयोजन होगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन सायंकाल होगा और इसी के साथ हल्दीघाटी विजय पर बनाई गई लघु फिल्म के पोस्टर का भी लोकार्पण किया जाएगा।

प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' के तत्वावधान में गत एक वर्ष से मनाए जा रहे हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के तहत यह प्रदर्शनी 17 जून को होने जा रही विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा तक चलेगी। उल्लेखनीय है कि इस संकल्प सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत करेंगे। इस प्रदर्शनी के लिए अलग से डोम बनाया गया है। इसका आकार 60 गुना 80 फीट रखा गया है। प्रदर्शनी में प्रवेश गुरु गोविन्द सिंह स्कूल की तरफ वाले द्वार से होगा।

प्रदर्शनी संयोजक डॉ. रमन सूद ने बताया कि प्रदर्शनी में 51 चित्र हल्दीघाटी युद्ध सहित पूर्व में हुए जौहर और साकों से संबंधित रखे गए हैं। 68 चित्र उदयपुर शहर के विभिन्न गली—मोहल्लों—बाजारों के इतिहास से संबंधित रखे गए हैं। इसी तरह, 50 चित्र वे हैं जो गत वर्षों के दौरान महाराणा प्रताप जयंती के तहत आयोजित कार्यशालाओं में शहर और देश भर से आए चित्रकारों ने अपनी कूंची से उकेरे हैं।

प्रताप गौरव शोध केन्द्र के निदेशक डॉ. विवेक भटनागर ने बताया कि प्रदर्शनी में इतिहासविद डॉ. हुकुम जोशी, प्रो. पी.एम. यादव, डॉ. बालूदान बारहठ, लव वर्मा आदि सहयोगी आमजन को चित्रों के माध्यम से मेवाड़ के शौर्यपूर्ण इतिहास, नगर नियोजन, जल प्रबंधन, शिल्प ज्ञान, पर्यावरण—कृषि के इतिहास आदि विषयों के बारे में जानकारी प्रदान करेंगे।

पूर्व संध्या पर होगा दुग्धाभिषेक

—हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के संयोजक सीए महावीर चपलोत ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती की पूर्व संध्या पर 16 जून को सायंकाल 5.15 बजे प्रताप गौरव केन्द्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' में स्थित 57 फीट ऊंची बैठक प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया जाएगा।

सभा की तैयारियां जारी

—वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के महामंत्री दीपक कुमार शुक्ल ने बताया कि सभा की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। सोमवार से गांधी ग्राउंड में भी सूचना समन्वय कार्यालय स्थापित किया जाएगा। एक कार्यालय पूर्व में प्रताप गौरव केन्द्र परिसर में कार्यरत है। सभा की तैयारियों को लेकर महाराणा भूपाल स्टेडियम भण्डारी दर्शक मंडप में बैठक रखी गई। बैठक में भोजन वितरण, पार्किंग, सुरक्षा, आवागमन, चिकित्सा, पेयजल आदि व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक धर्मेन्द्र, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, प्रबंध प्रमुख नारायण गमेती आदि ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

निखरने लगा गौरव केन्द्र

—16 जून सायंकाल से ही शुरू होने वाले महाराणा प्रताप जयंती और हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के लिए प्रताप गौरव केन्द्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' नए रंगरूप में निखरने लगा है। पखवाड़े भर से जारी रंगरोगन से गौरव केन्द्र परिसर की रंगत दमक रही है। रविवार को गौरव केन्द्र परिसर के अंदर सीसी सड़कों की मरम्मत का कार्य हुआ। साथ ही, गौरव केन्द्र के बाहर भी सड़क पर पेवरीकरण किया गया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like