GMCH STORIES

सुशासन की अनूठी मिसालः खाखड में ग्रामीण सेवा शिविर बना वरदान

( Read 375 Times)

22 Jun 26
Share |
Print This Page
सुशासन की अनूठी मिसालः खाखड में ग्रामीण सेवा शिविर बना वरदान

उदयपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और लोक कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ जनता तक पहुँचाने के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार चल रहे सेवा शिविर सुशासन की अनूठी मिसाल सिद्ध हो रहे हैं। शिविरों में आमजन को त्वरित राहत मिल रही है। इसकी बानगी उदयपुर जिले की झाड़ोल पंचायत समिति की ग्राम पंचायत खाखड में देखने को मिली। खाखड़ में संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में प्रशासन खुद जनता के द्वार पहुँचा, जिससे ग्रामीणों की बरसों से अटकी समस्याओं का समाधान मिनटों में एक ही छत के नीचे हो गया।

बुजुर्गों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
शिविर की सबसे भावुक और प्रेरणादायी तस्वीर तब देखने को मिली जब गाँव की बुजुर्ग महिला जमकु बाई (पत्नी श्री नवला) अपनी वृद्धावस्था पेंशन की समस्या लेकर पहुँचीं। लंबे समय से पेंशन के लिए भटक रही जमकु बाई की फाइल पर शिविर प्रभारी विकास अधिकारी जितेंद्रसिंह राजावत ने तुरंत संज्ञान लिया और मौके पर ही उन्हें वृद्धावस्था पेंशन का पीपीओ प्रदान किया। पेंशन आदेश पाकर भावुक हुईं जमकु बाई ने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें अपने छोटे-मोटे खर्चों के लिए किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा । इसी प्रकार, एक अन्य ग्रामीण गणेशलाल पिता नाथु मेघवाल की रुकी हुई पेंशन की समस्या का भी त्वरित समाधान किया गया। जांच में पाया गया कि उनका वार्षिक सत्यापन लंबित होने के कारण पेंशन रुकी थी, जिसे अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही सत्यापित किया और पेंशन पुनः बहाल कर दी।

सच हुआ आशियाने के अधिकार का सपना
आशियाने के अधिकार की उम्मीद संजोए बैठे ग्रामीणों के लिए यह शिविर ऐतिहासिक साबित हुआ। पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए नियमानुसार मौके पर ही पात्र लाभार्थियों को आवासीय पट्टे वितरितकिए गए । पट्टा हाथ में आते ही लाभार्थी कालूलाल पिता बाबूलाल, मन्नालाल पिता धुला, लोकेश पिता कालू पटेल और निरंजन पिता सुंदर लाल के चेहरों पर सुकून साफ देखा जा सकता था। अब ये ग्रामीण बिना किसी डर के अपने पक्के आशियाने का निर्माण करा सकेंगे और इस पट्टे के जरिए बैंक लोन व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी उठा पाएंगे।

सामूहिक विकास को मिला संबल
व्यक्तिगत लाभ के साथ-साथ गाँव के सामूहिक विकास और सामाजिक सरोकार को आगे बढ़ाते हुए शिविर में दो महत्वपूर्ण सामुदायिक पट्टे भी जारी किए गए। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खाखड को भूमि का आवंटन कर पट्टा सौंपा गया, जिससे विद्यालय के बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों को कानूनी मजबूती मिलेगी। वहीं कुल देवी माता मंदिर के पास सामुदायिक भवन हेतु पट्टा जारी किया गया, जिससे अब पूरे गाँव को सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए एक सर्वसुविधायुक्त स्थान मिल सकेगा।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like