GMCH STORIES

ईसवाल में खेल स्टेडियम निर्माण की राह प्रशस्त

( Read 292 Times)

22 Jun 26
Share |
Print This Page
ईसवाल में खेल स्टेडियम निर्माण की राह प्रशस्त

उदयपुर। बड़गांव उपखण्ड की ग्राम पंचायत ईसवाल में आयोजित ग्राम सेवा शिविर ग्रामवासियों के लिए बड़ी सौगात लेकर आया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ईसवाल के खेल स्टेडियम निर्माण की राह में बरसों की आ रही बाधा का हाथों हाथ समाधान किया गया।

यह है मामला
राउमावि ईसवाल में खेल मैदान हेतु वर्ष 2012 में 0.8000 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई थी। हाल ही में डीएमएफटी योजना के तहत इस खेल मैदान पर खेल स्टेडियम निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत हुआ। किन्तु खेल मैदान के लिए आवंटित 0.8000 हेक्टेयर भूमि पर्याप्त नहीं होने के कारण स्वीकृत बजट का पूर्ण उपयोग संभव नहीं हो पा रहा था।खेल मैदान के समीप स्थित 0.4600 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को खेल स्टेडियम में शामिल करने में एक बड़ी प्रशासनिक अड़चन सामने आ रही थी। समस्या यह थी कि वर्तमान आवंटित 0.8000 हेक्टेयर भूमि और समीप स्थित 0.4600 हेक्टेयर बिला नाम भूमि के मध्य राजस्व रिकॉर्ड के नक्शे में एक रास्ता दर्ज था। इस कारण अतिरिक्त भूमि का मौजूदा खेल मैदान से एकीकरण कर एकचक खेल स्टेडियम बनाना संभव नहीं हो पा रहा था, जिससे योजना का उद्देश्य अधूरा रह जाता।

शिविर में हुआ समाधान, निखरेंगी खेल प्रतिभाएं
समस्या के समाधान हेतु ग्रामवासियों ने ग्राम सेवा शिविर में प्रभारी एसडीएम बड़गांव मनसुख डामोर को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। राजस्व कार्मिकों ने मौके पर जांच कर अपनी रिपोर्ट शिविर में ही प्रस्तुत की। जांच में तथ्य सही पाए जाने पर उपखण्ड अधिकारी ने मौके की वास्तविक स्थिति के अनुसार रास्ते की संशोधित तरमीम करते हुए उसे प्रस्तावित अतिरिक्त खेल मैदान भूमि से बाहर की ओर स्थानांतरित करने के आदेशहाथों हाथ जारी कर दिए। तरमीम आदेश जारी होने के बाद खेल मैदान के विस्तार हेतु अतिरिक्त 0.4600 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध हो जाएगी। इससे स्वीकृत बजट राशि का प्रभावी उपयोग संभव होगा। साथ ही ईसवाल में बेहतर खेल सुविधाएं विकसित होने से यहां की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के अधिक अवसर मिलेंगे। उक्त कार्य के लिए ग्रामवासियों ने राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like