उदयपुर। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में विभिन्न विभागों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक लेते हुए जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की प्रगति का फीडबैक लिया। बैठक में कलेक्टर अग्रवाल द्वारा संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों, अंतरविभागीय मामलों के निस्तारण, सतर्कता समिति एवं जिला स्तरीय जनसुनवाई से संबंधित प्रकरणों तथा दिशा बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए निर्देशों एवं सुझावों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
संपर्क पोर्टल के प्रकरणों की समीक्षा
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। जिला कलेक्टर अग्रवाल ने विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित अंतरविभागीय प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि समन्वय के अभाव में किसी भी मामले को लंबित नहीं रखा जाए। उन्होंने समीक्षा पोर्टल के माध्यम से ऐसे मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई एवं सतर्कता समिति के मामलों की ली जानकारी
बैठक में सतर्कता समिति तथा जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रकरणों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों से प्रकरणवार प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।
दिशा बैठक के निर्देशों की शीघ्र अनुपालना के दिये निर्देश
जिला कलेक्टर ने गत दिनों मे आयोजित दिशा बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं निर्देशों के अनुपालना की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दे आमजन की अपेक्षाओं से जुड़े होते हैं, इसलिए इन पर विशेष प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान एडीएम दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।