उदयपुर। अखिल भारतीय श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज संस्थान द्वारा उदयपुर में समाज के बहुप्रतीक्षित बहुउद्देशीय एवं बहुमंजिला भवन के भूमि पूजन एवं सामाजिक महाधिवेशन का भव्य आयोजन उत्साह, श्रद्धा एवं सामाजिक एकता के वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में पूरे भारत से करीब 10,000 समाजबंधुओं ने भाग लेकर समाज की संगठनात्मक शक्ति, सामाजिक समरसता एवं समाज के प्रति अपने समर्पण का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से भूमि पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों ने समाज भवन निर्माण को समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम में समाज के राष्ट्रीय संयोजक भूपेन्द्र पंड्या, संरक्षक लक्ष्मीनारायण पंड्या, पवन अमरावत एवं प्रियाकांत पंड्या, अखिल भारतीय युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद पांडे, राजनीतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, कर्मचारी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पंड्या, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल पंड्या, विनोद पानेरी, महेश जोशी, रविन्द्र उपाध्याय, मध्यप्रदेश अध्यक्ष सुनील जोशी, महाराष्ट्र से पुरुषोत्तम जोशी, चौरासी अध्यक्ष किशोर पंड्या, छ मे ऊ अध्यक्ष लीलाधर त्रिवेदी, तलपोट अध्यक्ष वासुदेव त्रिवेदी, पथोक उपाध्यक्ष नितेश त्रिवेदी तथा वागड़ अध्यक्ष द्वारका प्रसाद जोशी सहित अनेक राष्ट्रीय, प्रांतीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. अरुण चतुर्वेदी (अध्यक्ष, राजस्थान वित्त आयोग एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा) ने अपने उद्बोधन में कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव भारतीय संस्कृति, ज्ञान, संस्कार एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य किया है। समाज ने हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने, सामाजिक समरसता स्थापित करने तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने समाज भवन निर्माण के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
लोकसभा अध्यक्ष के विशेषाधिकारी श्री राजीव दत्ता ने समाज की संगठनात्मक शक्ति की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा, संस्कार और सामाजिक चेतना के माध्यम से समाज निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने समाज भवन निर्माण को सामाजिक एकता एवं भावी पीढ़ियों के विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
राष्ट्रीय संयोजक भूपेन्द्र पंड्या ने कहा कि समाज भवन निर्माण का यह कार्य समाज की एकता एवं सामूहिक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने भवन निर्माण में सहयोग करने वाले सभी भामाशाहों, पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भवन समाज की भावी पीढ़ियों के लिए शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम की विशेषता समाज भवन निर्माण में सहयोग करने वाले सभी भामाशाहों का परिवार सहित सम्मान समारोह रहा। समाज हित में उनके योगदान की सराहना करते हुए स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र प्रदान किए गए। उपस्थित समाजजनों ने सभी भामाशाहों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अभिनंदन किया।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती एवं समाज हित में चल रहे प्रयासों की सराहना करते हुए समाज को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रखने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ, विभिन्न राज्यों एवं इकाइयों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता निभाई तथा समाज के विकास एवं भवन निर्माण कार्य में निरंतर सहयोग का संकल्प लिया।
अंत में अखिल भारतीय युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद पांडे ने सभी अतिथियों, भामाशाहों, पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।