उदयपुर। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अतिरिक्त आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव (प्रथम) बृजेश कुमार चांदोलिया ने बुधवार को बड़गांव पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कठार का निरीक्षण कर स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गांव में स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, विकास कार्यों एवं पंचायत अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कठार का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय के उपस्थिति रजिस्टर की जांच की तथा परिसर में स्थित पिंक टॉयलेट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने कठार ग्राम पंचायत के अमरचंदिया तालाब की पाल पर कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का अवलोकन किया। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत चारागाह क्षेत्र में 51 पौधों का पौधरोपण भी किया। अतिरिक्त आयुक्त ने ग्राम पंचायत में आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों की शिकायतें एवं सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण से लौटते समय उन्होंने वाटी ग्राम पंचायत का औचक निरीक्षण भी किया। यहां स्वच्छता रजिस्टर में कमियां मिलने पर संबंधित ग्राम विकास अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा पंचायत परिसर में अधूरे पड़े खाद्यान्न भंडार एवं सामुदायिक शौचालय के निर्माण कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को दिए।
निरीक्षण के दौरान विकास अधिकारी शैलेन्द्र पी. खींची, अतिरिक्त विकास अधिकारी हनुमान सिंह, सहायक अभियंता लोकेन्द्र कुमावत, जिला समन्वयक (एसबीएम) आशीष कांठेड़, ब्लॉक समन्वयक वंदना मेहता, ग्राम विकास अधिकारी दिवेश कंसारा एवं कविता नायक, कनिष्ठ सहायक गजेन्द्र सिंह राठौड़ तथा ग्राम रोजगार सहायक भोपाल सिंह आदि मौजूद रहे।