GMCH STORIES

79 यूनिट रक्तदान के साथ सम्पन्न हुआ स्व. कल्पित सुथार स्मृति रक्तदान महाशिविर

( Read 358 Times)

12 Jul 26
Share |
Print This Page

79 यूनिट रक्तदान के साथ सम्पन्न हुआ स्व. कल्पित सुथार स्मृति रक्तदान महाशिविर

श्री विश्वकर्मा सुथार समाज उपरला गिरवा, हाथीधरा में स्वर्गीय कल्पित सुथार की स्मृति में टीम स्वयंभू द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान महाशिविर रविवार को उत्साह एवं सेवा भावना के साथ सम्पन्न हुआ। शिविर में कुल 79 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। समाज के युवाओं, महिलाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।

शिविर का शुभारंभ निचला गिरवा युवा संस्थान के मुकेश सुथार द्वारा प्रथम रक्तदान के साथ हुआ। लोयरा ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती प्रियंका सुथार ने भी रक्तदान कर महिलाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। बड़ी पंचायत समिति सदस्य संजना सुथार भी कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

महिलाओं में रक्तदान के प्रति उत्साह देखने को मिला। शिविर में कुल 13 महिलाएं रक्तदान के लिए पहुंचीं, लेकिन चिकित्सकीय जांच में अधिकांश का हीमोग्लोबिन निर्धारित स्तर से कम पाए जाने के कारण वे रक्तदान नहीं कर सकीं। चार महिलाओं ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया। हाथीधरा निवासी श्रीमती डमरी देवी भी रक्तदान के उद्देश्य से शिविर में पहुंचीं, लेकिन हीमोग्लोबिन कम होने के कारण वे रक्तदान नहीं कर सकीं। उनके सेवा भाव की उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की।

कार्यक्रम में सलूम्बर के कन्हैयालाल जी सुथार, कांती जी केजड़, देवीलाल जी (वागड़ बैठक), अखिल भारतीय जांगिड़ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्यारेलाल जी सुथार, जांगिड़ विकास संस्थान के अध्यक्ष भेरूलाल जी सुथार एवं उनकी समस्त कार्यकारिणी, प्रत्युष पत्रिका के संस्थापक एवं समाजसेवी पंकज कुमार शर्मा सहित अनेक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर विश्वकर्मा विकास संस्थान, उदयपुर के पूर्व महासचिव श्री मांगीलाल जी सुथार भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया।

शिविर की सफलता में जिले के अग्रणी रक्तदाता मुकेश शर्मा (आयड़, उदयपुर) ने आयोजन के संचालन एवं व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त दीपक शर्मा (बड़गांव), भुवन शर्मा (बड़गांव), रोशन सुथार (बड़ी), कन्हैयालाल सुथार (बड़ी), सत्यनारायण सुथार तथा ललित सुथार (झाड़ोल) का भी विशेष सहयोग रहा।

शिविर के दौरान स्वर्गीय कल्पित सुथार के माता-पिता, दादा-दादी एवं समस्त परिवार दिनभर आयोजन स्थल पर उपस्थित रहा। परिवार के सदस्यों ने रक्तवीरों के स्वागत, सेवा, जलपान सहित आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में पूरे समर्पण के साथ सहयोग किया। अपने पुत्र की स्मृति को मानव सेवा से जोड़ने का उनका यह भाव उपस्थित सभी लोगों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहा।

आयोजन की संपूर्ण व्यवस्थाओं में टीम स्वयंभू के जयदेव शर्मा, लक्ष्मीलाल सुथार, मनोहरलाल सुथार, दिनेश कुमार सुथार, भगवतीलाल सुथार एवं राधाकिशन सुथार ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों, सहयोगी संस्थाओं एवं समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित के ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like