उदयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के तहत रविवार को उदयपुर जिले में दोनों पारियों की परीक्षाएं शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हुईं। जिला प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात, विद्युत, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम पारी में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रश्नपत्र के लिए जिले में कुल 24,075 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 14,869 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि 9,306 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम पारी में 61.76 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि द्वितीय पारी में आयोजित परीक्षा के लिए कुल 24,074 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 14,724 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 9,350 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पारी में 61.16 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
एडीएम दीपेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्राधीक्षकों, उड़नदस्तों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सतत निगरानी रही। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के समन्वित प्रयासों से परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।