उदयपुर, रोटरी क्लब उदयपुर के वर्ष 2026-27 का 69वां पदस्थापना समारोह गुरुवार को रोटरी बजाज भवन में आयोजित किया गया। समारोह में मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति जी.आर. मूलचंदानी मुख्य अतिथि, रोटरी प्रांतपाल अरुण बगड़िया विशिष्ट अतिथि तथा पूर्व प्रांतपाल निर्मल सिंघवी पदस्थापना अधिकारी के रूप में मौजूद रहे।
समारोह में पूर्व प्रांतपाल निर्मल सिंघवी ने श्रीचंद खथुरिया को क्लब के 69वें अध्यक्ष के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही अध्यक्ष मनोनीत अजय अग्रवाल, अध्यक्ष निर्वाचित विवेक व्यास तथा क्लब की नई कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों ने भी शपथ ग्रहण की।
मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति जी.आर. मूलचंदानी ने कहा कि रोटरी ने स्वास्थ्य, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, बाल स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर सेवा की एक मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है।
रोटरी प्रांतपाल अरुण बगड़िया ने कहा कि रोटरी फाउंडेशन में जमा की गई राशि विभिन्न सेवा परियोजनाओं के लिए मैचिंग ग्रांट के रूप में वापस मिलती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राज्य सरकार के सहयोग से बालिकाओं के सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान और महिला कैदियों के कल्याण से जुड़े प्रकल्पों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने क्लब की नई सदस्य कविशा मनवानी को भी शपथ दिलाई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीचंद खथुरिया ने कहा कि क्लब इस वर्ष रोटरी फाउंडेशन से 20 हजार अमेरिकी डॉलर की मैचिंग ग्रांट प्राप्त कर स्थायी सेवा प्रकल्पों को साकार करने का प्रयास करेगा। उन्होंने बताया कि बालिकाओं के सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान को वर्ष की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।
समारोह के दौरान क्लब बुलेटिन का विमोचन भी किया गया। क्लब की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोयण को एक कंप्यूटर सेट तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बूझड़ा को फर्नीचर सेट और विद्यार्थियों के लिए कॉपियां भेंट की गईं।
कार्यक्रम में सहायक प्रांतपाल गजेन्द्र जोधावत, क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।