GMCH STORIES

सड़क सुरक्षा हेतु गंभीर और संवेदनशील जिला प्रशासन

( Read 773 Times)

21 Jul 26
Share |
Print This Page
सड़क सुरक्षा हेतु गंभीर और संवेदनशील जिला प्रशासन

उदयपुर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक मंगलवार को जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर अग्रवाल ने उदयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा शहर में सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे पेंसिल डिवाइडर एवं अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों की गति बढ़ाने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। शहर के प्रतापनगर से पुराने आरटीओ कार्यालय तक के मार्ग पर लगने वाले भारी यातायात जाम पर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रभावी यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस मार्ग पर प्रातः 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश निषेध हेतु आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
दुर्घटना में घायलों की सहायता करने वालों का जिला स्तर पर भी हो सम्मान
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की ओर से जानकारी दी गई कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता करने वाले चार गुड सेमेरिटन (सद्भावी नागरिकों) को सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने ऐसे नागरिकों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताते हुए उन्हें जिला स्तर पर भी सम्मानित करने की बात कही। वहीं सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत जिले में चिन्हित ब्लैकस्पॉट्स पर संकेतक एवं साइनेज बोर्ड लगाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जहां अभी तक संकेतक एवं साइनेज बोर्ड स्थापित नहीं हुए हैं, वहां शीघ्र कार्य पूर्ण कराया जाए ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
15 अगस्त तक पूरी करें अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
बैठक में न्यायालय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय राजमार्गों के निकट अवैध अतिक्रमणों को हटाने के अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्रवाई 15 अगस्त तक हर हाल में पूर्ण कर ली जाए। बैठक में एडीएम (सिटी) जितेंद्र ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, अधीक्षण अभियंता (पीडब्ल्यूडी) अभिनंदन कुमार जैन सहित विभिन्न विभागों के सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य अधिकारी मौजूद रहे।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like