उदयपुर। उदयपुर शहर के ऐतिहासिक एवं वक्फ से संबंधित कब्रिस्तानों पर लगातार हो रहे अवैध अतिक्रमणों के विरोध में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, सीमांकन एवं अतिक्रमण हटाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि शहर के मकबरा कब्रिस्तान, ब्रह्मपोल कब्रिस्तान एवं पटेल सर्कल कब्रिस्तान वर्षों से अवैध अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे हैं। समय के साथ इन कब्रिस्तानों का बड़ा हिस्सा अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुका है, जिससे उनकी मूल पहचान और धार्मिक महत्व प्रभावित हुआ है। विशेष रूप से पटेल सर्कल कब्रिस्तान की स्थिति अत्यंत गंभीर है, जहाँ वर्तमान में कब्रिस्तान तक जाने के लिए उचित रास्ता भी उपलब्ध नहीं है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मांग की कि शहर के सभी कब्रिस्तानों का राजस्व एवं वक्फ अभिलेखों के आधार पर सीमांकन कराया जाए, अवैध अतिक्रमणों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए तथा अतिक्रमित वक्फ भूमि को मुक्त कराकर उसकी स्थायी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो सके।
इस अवसर पर अंजुमन के सचिव जनाब मुस्तफा शेख, जिला वक्फ कमेटी उदयपुर के सदर जनाब सलीम शेख साहब, खांजीपीर के सदर जनाब कलीम साहब, जनाब शोएब सिंधी, जनाब अफसर ख़ाँ, जनाब रियाज़ ख़ाँ सहित मुस्लिम समाज के समस्त जिम्मेदार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, उदयपुर, अध्यक्ष राजस्थान वक्फ बोर्ड जयपुर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजस्थान वक्फ बोर्ड जयपुर तथा आयुक्त नगर निगम उदयपुर को भी प्रेषित की गई।